Balotra News: राजस्थान के बालोतरा जिले में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग किसान ने पक्का मकान बनाने के लिए जमीन बेचकर मिले 5 लाख रुपये खेत में छिपा दिए थे। बारिश और दीमक के कारण पूरे नोट सड़ चुके हैं, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
नेवाईं गांव के 60 वर्षीय मांगीलाल मेघवाल ने अपना प्लॉट बेचकर यह रकम जुटाई थी। बारिश के डर से उन्होंने बैग में पैसे रखकर खेत में गाड़ दिए थे। बाद में भारी बारिश के कारण वह पैसों की सही जगह भूल गए और काफी समय तक ढूंढने पर भी पैसे नहीं मिले।
लगभग एक साल बाद छह अगस्त को जब खेत की जुताई कराई गई, तब दीमक से कटे-फटे नोटों की थैली बाहर निकली। पैसों की यह हालत देखकर मांगीलाल की पत्नी सियाली देवी और पूरा परिवार सदमे में आ गया। अब पूरा परिवार मानसिक रूप से बेहद परेशान और चिंतित है।
मांगीलाल और उनका परिवार बेहद गरीब है। उनके पास 60 बीघा पुश्तैनी जमीन है, जहां केवल बारिश के भरोसे खेती होती है। उनका कच्चा मकान हर बारिश में टपकता है, जिसे पक्का बनाने के सपने के साथ उन्होंने अपनी संपत्ति बेचकर यह पूंजी बचाकर रखी हुई थी।
स्थानीय बैंकों ने नोटों की खराब स्थिति देखते हुए उन्हें बदलने से साफ मना कर दिया है। बैंक अधिकारियों ने उन्हें जयपुर स्थित कार्यालय जाने की सलाह दी है। पढ़े-लिखे न होने के कारण यह बुजुर्ग दंपत्ति अब दर-दर भटकने को मजबूर है और सहायता की आस लगाए बैठा है।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (जयपुर जोन) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अत्यधिक खराब या क्षतिग्रस्त नोटों को बदलने के लिए एक विशेष प्रक्रिया निर्धारित है। यदि प्रक्रिया का सही पालन किया जाए तो नियमों के तहत इन नोटों को बदला जा सकता है।