अमेरिकी सीनेट में भारत पर टैरिफ बिल पास होने पर सियासत तेज, अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

Share

- Advertisement -

Delhi News: अमेरिकी सीनेट द्वारा भारत सहित पांच देशों पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने वाला बिल पास किए जाने के बाद देश में राजनीति गरमा गई है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस मुद्दे को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है।

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए केंद्र सरकार पर बड़ा निशाना साधा है। उन्होंने लिखा, “देश को अमेरिका के हाथों गिरवी रखने के बाद, ट्रंप की ग़ुलामी करने के बाद और भारत का अपमान करवाने के बाद पीएम मोदी देश के लिए ये लाए हैं। आज देश के हर छोटे बड़े निर्णय में ट्रंप का हस्तक्षेप है। पीएम मोदी ट्रंप की हर बात मानते हैं। चाहे सही हो या गलत और ट्रंप हर क्षेत्र में भारत के खिलाफ निर्णय लेता है।”

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी सीनेट ने रूस और उससे पेट्रोलियम उत्पाद खरीदने वाले भारत और चीन जैसे देशों पर पाबंदी लगाने के मकसद से पारित विधेयक को भारी बहुमत दिया है। सीनेट का दावा है कि रूस से तेल की खरीद यूक्रेन युद्ध को जारी रखने में मदद कर रही है।

सीनेट ने ‘लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रूस एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026’ विधेयक को 86-11 के भारी अंतर से मंजूरी दी। यह नया कानून अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रूस से ईंधन आयात करने वाले शीर्ष पांच देशों के सामानों पर 100 फीसदी का शुल्क लगाने का अधिकार देता है।

रूस से सबसे अधिक तेल और प्राकृतिक गैस खरीदने वाले देशों में चीन, भारत, अजरबैजान, हंगरी और स्लोवाकिया शामिल हैं। रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने के अलावा इस विधेयक में वर्ष 1996 के ‘ईरान प्रतिबंध अधिनियम’ को बढ़ाकर साल 2031 तक जारी रखने का भी प्रावधान रखा गया है।

इस नए कानून के तहत ईरान के ऊर्जा क्षेत्र में निवेश करने वाली कंपनियों पर भारी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अमेरिका में यह बिल पारित होने के बाद भारत की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठा रहे हैं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News