बिलासपुर में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा प्रहार: घुमारवीं में 232 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Bilaspur News: बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घुमारवीं थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में करीब 232 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) जब्त किया है।

पुलिस ने दोनों मामलों में शामिल तीन आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। अब बिलासपुर पुलिस पकड़े गए आरोपियों के माध्यम से इस पूरे नशा तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज यानी सप्लाई के मुख्य स्रोत और खरीदारों का पता लगा रही है।

बलोह फोरलेन लिंक रोड पर बस चेकिंग के दौरान मिली सफलता

पहले मामले में 2 अगस्त को बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने बलोह फोरलेन लिंक रोड मल्यावर के पास चेकिंग के दौरान एक बस यात्री रूबल (30 वर्ष) निवासी बटाला, पंजाब की तलाशी ली। उसके पास से 122 ग्राम चिट्टा मिला, जिसके बाद केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

दूसरी कार्रवाई भी 2 अगस्त को ही बलोह फोरलेन पर मंडीघाट के पास हुई। वहां एक अन्य बस की चेकिंग में नीरज कुमार (30 वर्ष) और विकास (27 वर्ष) निवासी डैहर, मंडी के पास से 110 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

डिजिटल साक्ष्यों से बेनकाब हुआ स्थानीय सप्लायर

बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि 1 अगस्त को 8.72 ग्राम चिट्टा के साथ पकड़े गए रामू निवासी गोरखपुर से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर स्थानीय सप्लायर प्रतीक चौहान (29 वर्ष) निवासी मर्सिंघी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसपी ने बताया कि प्रतीक चौहान के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत 4 मामले दर्ज हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News