Delhi News: दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का शनिवार को औपचारिक शुभारंभ हो गया है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गीता कॉलोनी स्थित डीएम कार्यालय में रजिस्ट्रेशन पोर्टल की शुरुआत की है।
रक्षाबंधन पर मिलेगी पहली किस्त की राशि
योजना के तहत पात्र महिलाओं को पहली किस्त का भुगतान रक्षाबंधन के त्यौहार पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार का लक्ष्य सभी आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन पूरा करना है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 5,110 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
21 से 60 वर्ष की महिलाएं होंगी योजना की पात्र
दिल्ली लक्ष्मी योजना का लाभ 21 से 60 वर्ष तक की पात्र महिलाओं को मिलेगा। इसके लिए महिला का पिछले 10 वर्षों से दिल्ली का निवासी होना और पारिवारिक आय 2.5 लाख रुपये तक होना अनिवार्य है। तीन से अधिक बच्चों वाले परिवार और 2,400 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वाले परिवार इसके पात्र नहीं होंगे।
आवेदन के लिए इन जरूरी दस्तावेजों की होगी आवश्यकता
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है। आवेदन के लिए महिलाओं को आधार कार्ड, वोटर आईडी, बैंक पासबुक, राशन कार्ड, पैन कार्ड, आय प्रमाण पत्र और बिजली या पानी का बिल साथ लाना अनिवार्य है। आवेदक महिला का परिवार की सबसे वरिष्ठ महिला सदस्य होना जरूरी है।