यूपी में सपा-कांग्रेस ही नहीं, एनडीए में भी सीटों पर जंग, सहयोगियों की मांगों से भाजपा की बढ़ी टेंशन

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सीटों के बंटवारे पर सियासी हलचल तेज है। सपा-कांग्रेस में जहां सीटों पर सहमति नहीं बन रही, वहीं एनडीए में भी सहयोगियों ने ज्यादा सीटें मांगी हैं। निषाद, राजभर और चिराग पासवान की दावेदारी से भाजपा के सामने सभी सहयोगियों को साथ लेकर चलने की बड़ी चुनौती है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी मौसम आते ही दोस्ती और दुश्मनी के समीकरण बदलने लगते हैं। सीटों के लिहाज से देश के सबसे बड़े सूबे में फिलहाल सियासी हालात पेचीदा दिख रहे हैं। एक तरफ सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर हलचल मची हुई है, तो दूसरी तरफ भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में भी दबी आवाज में ही सही, बगावत के सुर सुनाई देने लगे हैं। भाजपा के सहयोगी दलों ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पूर्वांचल में संजय निषाद और ओपी राजभर तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जयंत चौधरी अपनी दावेदारी जता रहे हैं। भाजपा जानती है कि उसके सभी सहयोगी दलों की मांगों को पूरा करना आसान नहीं होगा।

सहयोगी दलों ने दिखाए तेवर

उत्तर प्रदेश में एनडीए की एकजुटता की एक और परीक्षा होने वाली है। सहयोगी दलों ने आगामी चुनाव में ज्यादा सीटें पाने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अनुप्रिया पटेल की पार्टी, राष्ट्रीय लोक दल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और निषाद पार्टी बीते चुनाव से अधिक सीटों पर लड़ना चाहती हैं। ऐसे में भाजपा के सामने सभी सहयोगियों को साथ लेकर सीटों का बंटवारा करने की बड़ी चुनौती है। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) ने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। इस तरह पार्टी की जीत का आंकड़ा करीब 70 प्रतिशत रहा। वहीं, निषाद पार्टी ने 10 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और छह पर जीत दर्ज की थी। उसका जीत का आंकड़ा 60 प्रतिशत रहा। इसके अलावा, निषाद पार्टी के छह उम्मीदवार भाजपा के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरे थे, जिनमें से पांच को जीत मिली थी।

अभी हाल ही में डॉ. संजय निषाद ने कहा था कि 2022 में भाजपा की हारी हुई 100 से ज्यादा सीटें 2027 के चुनाव में सहयोगी दलों को मिलनी चाहिए।

भाजपा के सामने संकट

हालांकि, दो नए सहयोगी दलों राष्ट्रीय लोक दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का प्रदर्शन 2022 में कुछ खास नहीं रहा था। राष्ट्रीय लोक दल ने 33 सीटों पर चुनाव लड़कर सिर्फ आठ सीटें जीती थीं। इस तरह उसकी जीत का आंकड़ा करीब 24 प्रतिशत रहा। वहीं, ओम प्रकाश राजभर की सुभासपा ने 19 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और छह सीटों पर जीत हासिल की थी। उसका जीत का आंकड़ा करीब 31 प्रतिशत रहा। सहयोगी दलों को पता है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन कमजोर रहा था। इसके अलावा, पिछले 10 साल की सत्ता विरोधी लहर और प्रदेश के जातीय समीकरण भी उनके लिए अहम मुद्दे हैं। ऐसे में वे इन परिस्थितियों का फायदा उठाकर सीटों के बंटवारे में भाजपा से ज्यादा हिस्सेदारी मांग सकते हैं।

सीटों को लेकर हो सकती है खींचतान

भाजपा के लिए सीटों का बंटवारा करना इसलिए भी मुश्किल हो सकता है, क्योंकि उसके तीन क्षेत्रीय सहयोगी दलों का सबसे ज्यादा प्रभाव पूर्वी उत्तर प्रदेश यानी पूर्वांचल में है। ऐसे में कई विधानसभा सीटों पर एक से ज्यादा सहयोगी दल अपना दावा कर सकते हैं। इससे सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान बढ़ने की आशंका है। साल 2016 में संजय निषाद ने निषाद पार्टी बनाई थी। यह पार्टी निषाद, केवट, बिंद, बेलदार, मल्लाह, सहनी, कश्यप और गोंड समुदाय का नेतृत्व करने का दावा करती है। गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या, आजमगढ़, प्रयागराज और वाराणसी जैसे जिलों में इन समुदायों की बड़ी आबादी रहती है। यही वजह है कि पूर्वांचल की कई सीटों पर निषाद पार्टी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर सकती है।

ओम प्रकाश राजभर की अगुवाई वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को सबसे ज्यादा समर्थन पूर्वांचल में राजभर समुदाय और दूसरे गैर-यादव पिछड़े वर्गों से मिलता है। अनुमान के मुताबिक, राजभर समुदाय उत्तर प्रदेश के कुल मतदाताओं का करीब 4 प्रतिशत है। गाजीपुर, घोसी, बलिया और जौनपुर जैसे पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में सुभासपा का खास प्रभाव माना जाता है। वहीं, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की अगुवाई वाले अपना दल (एस) का भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में अच्छा प्रभाव है। ऐसे में भाजपा के सामने पूर्वांचल में अपने तीनों सहयोगी दलों को साथ लेकर चलने की बड़ी चुनौती है। तीनों दलों का प्रभाव क्षेत्र काफी हद तक एक जैसा है।

चिराग पासवान ने बढ़ाई मुश्किलें

चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भी यहां अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने की तैयारी में जुटी है। चिराग पासवान ने संकेत दिए हैं कि अगर भाजपा के साथ सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बनती है, तो उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ सकती है। बिहार में दलित मतदाताओं के बीच पार्टी का मजबूत समर्थन आधार है। अब चिराग पासवान इसे उत्तर प्रदेश में भी बढ़ाना चाहते हैं। इससे भाजपा के लिए सहयोगी दलों के साथ सीटों का तालमेल बैठाना और मुश्किल हो सकता है। हाल ही में चिराग पासवान ने नागालैंड का उदाहरण देते हुए अकेले चुनाव लड़ने की संभावना जताई। उन्होंने कहा कि नागालैंड में लोक जनशक्ति पार्टी ने बिना किसी गठबंधन के चुनाव लड़ा था। वहां पार्टी के दो विधायक हैं। अगर उत्तर प्रदेश में गठबंधन नहीं हो पाता है, तो लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) सभी 403 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News