Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के सहसपुर गांव में दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक महीने पहले ब्याही गई 25 वर्षीया आरती पर पड़ोसी युवक ने घर के बाहर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
आरती एक सप्ताह पहले ही शादी के बाद पहली बार अपने मायके आई थी। गुरुवार दोपहर वह अपनी बहन के साथ घर के बाहर बैठी थी, तभी आरोपी प्रदीप ने अचानक उस पर हमला कर दिया। पेट में कई वार लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और सीएचसी में उसने दम तोड़ दिया।
एकतरफा प्यार और जमीनी विवाद समेत सभी पहलुओं पर जांच जारी
पुलिस का शुरुआती दावा है कि वारदात को एकतरफा प्यार के चक्कर में अंजाम दिया गया है और आरोपी घटना के समय नशे में था। वहीं, मृतका के परिजनों ने पड़ोसी के साथ चल रहे पुराने जमीनी विवाद को हत्या का कारण बताया है।
गोला कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पहले पढ़ाई में अच्छा था लेकिन बाद में नशे का आदी हो गया। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
सेमरई में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
खीरी जिले के ही ढकवा चौकी क्षेत्र के सेमरई गांव में एक अन्य घटना में विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फंदे से लटका मिला। ससुराल वाले इसे आत्महत्या बता रहे हैं, जबकि मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि तीन साल पहले शादी के दौरान दिए गए दान-दहेज से ससुराल वाले खुश नहीं थे। वहीं, पति का दावा है कि गहने चोरी होने के कारण वह मानसिक तनाव में थी। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।