तिलक नगर के पार्कों में गंदगी और अंधेरा, शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, लोग जाने से कतरा रहे

Share

- Advertisement -

New Delhi News: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में पीएनबी शाखा के पास स्थित पार्क और एफ-ब्लॉक का पार्क गंदगी और अंधेरे के कारण बदहाल हैं। शाम ढलते ही यहां रोशनी नहीं होती और असामाजिक तत्वों के जमावड़े से लोग असुरक्षित महसूस करते हैं, इसलिए अब लोग इन पार्कों में जाने से कतरा रहे हैं।

पार्कों को विकसित करने के साथ उनका नियमित रखरखाव और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना भी जरूरी है, लेकिन तिलक नगर के पीएनबी शाखा के पास स्थित पार्क और मार्केट की पार्किंग से सटे एफ-ब्लाक के पार्क में इसकी कमी साफ दिखाई देती है। दोनों पार्कों के भीतर और चारदीवारी के आसपास कूड़े के ढेर लगे हैं। शाम होते ही पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोग यहां आने से भी कतरा रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पार्कों में नियमित सफाई नहीं होती और गंदगी के कारण लोगों की आवाजाही कम हो गई है।

शाम होते ही असुरक्षा का डर

पीएनबी शाखा के पास स्थित पार्क के आसपास रोजाना बड़ी संख्या में कामकाजी लोगों और अन्य राहगीरों की आवाजाही रहती है। स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि शाम होते ही अंधेरे का फायदा उठाकर यहां नशा करने वाले और असामाजिक तत्व जुटने लगते हैं। इससे बैंक ग्राहकों, बुजुर्गों और कामकाजी महिलाओं में असुरक्षा का डर रहता है। झपटमारी जैसी घटनाओं की आशंका के चलते शाम को पार्क पहुंचने वाले गिने-चुने लोग भी भीतर जाने से बचते हैं। वे मुख्य द्वार के आसपास कुछ देर रुककर लौट जाते हैं।

वहीं, एफ-ब्लाक का पार्क तिलक नगर मार्केट की पार्किंग के नजदीक स्थित है। ऐसे में दोनों पार्कों की बदहाली का असर केवल वहां सैर करने आने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को भी परेशानी होती है। एमसीडी के वेस्ट जोन के वार्ड-101 के अंतर्गत आने वाले इन पार्कों की स्थिति को लेकर रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। एमसीडी के उद्यान विभाग के मई 2025 के ड्यूटी रोस्टर में पीएनबी शाखा के पास स्थित पार्क को पार्क 1/1 ब्लाक, तिलक नगर के नाम से दर्ज किया गया है।

स्थानीय लोगों की मांग

स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने निगम अधिकारियों से नियमित सफाई और खराब लाइटों की मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही तिलक नगर थाना पुलिस से शाम के समय गश्त बढ़ाने की अपील की है। इस संबंध में एमसीडी के उद्यान विभाग के सहायक निदेशक (एडीएच) भारत भूषण से संपर्क किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

पार्कों में सफाई नहीं होने से चारों ओर कूड़ा फैला रहता है। शाम को रोशनी भी नहीं होती, ऐसे में यहां आने का कोई मतलब नहीं रह जाता। — जोगिंदर, स्थानीय दुकानदार

पार्क लोगों के इस्तेमाल के लिए हैं, लेकिन अंधेरे और असुरक्षा के कारण हम नहीं आते। निगम को अव्यवस्था जल्द ठीक करनी चाहिए। — सुजाता, राहगीर

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News