Delhi News: दिल्ली में गिरते तापमान के बीच अगले छह दिनों तक जहरीली हवा से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली की हवा अगले छह दिन खराब से बेहद खराब श्रेणी में रह सकती है। मंगलवार को चली तेज पश्चिमी हवाओं से AQI में मामूली सुधार हुआ था, लेकिन इसे अस्थायी राहत माना जा रहा है।
मंगलवार को 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं चलीं, जिससे प्रदूषण के स्तर में थोड़ी कमी आई। मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 227 दर्ज किया गया, जो सोमवार के 260 से 33 अंक कम रहा। हालांकि, तापमान में गिरावट के कारण हवा में प्रदूषक बने हुए हैं और आने वाले दिनों में हालात फिर बिगड़ सकते हैं।
क्यों बढ़ रहा प्रदूषण
भारत मौसम विज्ञान विभाग के एयर क्वालिटी पूर्व चेतावनी तंत्र के अनुसार, 25 से 27 नवंबर तक हवा खराब श्रेणी में रह सकती है। इसके बाद के छह दिनों का पूर्वानुमान खराब से बेहद खराब श्रेणी का है। इस दौरान हवा की गति कम रहने से प्रदूषकों का फैलाव काफी कम रहेगा, जिससे प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ सकता है।
विभाग के मुताबिक, प्रदूषकों के फैलाव के लिए वेंटिलेशन इंडेक्स का 6000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड से कम होना और औसत हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहना प्रदूषण के लिहाज से ठीक नहीं है। 25 नवंबर को वेंटिलेशन इंडेक्स 2500 और 27 नवंबर को 2000 रहने का अनुमान है।
दिल्ली में छाएगा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में राजधानी के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम था। बुधवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 25 से 27 नवंबर तक सुबह कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा या धुंध छा सकती है। अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।
सुप्रीम कोर्ट ने लगाई पड़ोसी राज्यों को फटकार
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान को भी फटकार लगाई है और कहा है कि इस मुद्दे पर उनका रवैया बैकबेंचर जैसा है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि दिल्ली में प्रदूषण को कम करने के लिए पड़ोसी राज्यों को भी और ज्यादा जिम्मेदार होने की और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।