समान वेतन और नौकरी की सुरक्षा की मांग को लेकर हरियाणा के एक्सटेंशन लेक्चरर्स ने पंचकूला में किया प्रदर्शन

Share

- Advertisement -

Panchkula News: हरियाणा के एक्सटेंशन लेक्चरर्स ने मंगलवार को पंचकूला सेक्टर-5 में अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। एक्सटेंशन लेक्चरर वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर प्रदेशभर से पहुंचे लेक्चरर्स ने सर्विस सिक्योरिटी एक्ट लागू करने, समान जिले में समायोजन और समान वेतन की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद एसोसिएशन के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री आवास पर बैठक तय हुई है।

प्रदर्शन में भारी संख्या में शिक्षकों की भागीदारी ने आंदोलन को मजबूती दी। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक्सटेंशन लेक्चररों की लंबित मांगों को सरकार गंभीरता से लेते हुए जल्द पूरा करे।

क्या हैं प्रमुख मांगें

उन्होंने सर्विस सिक्योरिटी एक्ट को प्रभावी ढंग से लागू करने, एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) शीघ्र जारी करने, सरप्लस साथियों का यूजीसी मानदंडों के अनुसार समान जिले में समायोजन करने तथा प्रभावित सभी साथियों को समान वेतन और सम्मानजनक सेवा लाभ देने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान लेक्चररों के रोष को देखते हुए प्रशासन की ओर से एसोसिएशन के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर ले जाकर बैठक निर्धारित करवाई गई है। प्रतिनिधिमंडल बैठक में सभी प्रमुख मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखेगा। एसोसिएशन ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली वार्ता और सरकार के रुख के आधार पर प्रदेश कार्यकारिणी आगामी आंदोलन की रणनीति तय करेगी।

संगठन ने प्रदर्शन में पहुंचे सभी साथियों का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों लेक्चरर्स का पंचकूला पहुंचना उनकी एकजुटता और सामूहिक शक्ति का प्रमाण है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि आंदोलन का उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण समाधान है। सरकार से सकारात्मक रुख अपनाते हुए मांगों पर ठोस निर्णय लेने की अपेक्षा की जा रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News