Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में देहरा पंचायत समिति के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार जीत हासिल की है। इस चुनाव में बीजेपी समर्थित विनोद कुमार अध्यक्ष और रुबीना चौधरी उपाध्यक्ष पद पर चुने गए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर के क्षेत्र में इसे कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
बीजेपी उम्मीदवारों को मिले 15-15 वोट
देहरा की 23 सदस्यीय पंचायत समिति के चुनाव में मुकाबला काफी एकतरफा रहा। बीजेपी समर्थित दोनों प्रत्याशियों को 15-15 वोट मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों सुनीला और सुमित को केवल 8-8 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। इस परिणाम के बाद देहरा की स्थानीय राजनीति में बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच काफी उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर को मिला श्रेय
राजनीतिक हलकों में इस शानदार जीत का श्रेय जसवां-परागपुर के विधायक और चुनाव प्रभारी बिक्रम सिंह ठाकुर को दिया जा रहा है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान संगठन जिला प्रभारी पूर्व विधायक राजेश ठाकुर भी मौके पर मौजूद रहे। हालांकि, विजिलेंस मामले के कारण लगातार चर्चा में रहे देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह पूरे चुनाव चक्र के दौरान कहीं नजर नहीं आए।
2027 के विधानसभा चुनाव का मिला स्पष्ट संकेत
जीत के बाद विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि इन नतीजों से साफ है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने इसे साल 2027 के विधानसभा चुनाव का स्पष्ट संकेत बताया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनोद कुमार और उपाध्यक्ष रुबीना चौधरी ने जनता के विश्वास का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।