दिल्ली नर्सरी एडमिशन 2027-28: उम्र, पॉइंट्स और लॉटरी के नए नियम कैसे काम करेंगे, यहां समझें

Share

- Advertisement -

Delhi News: दिल्ली में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी में दाखिले की प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होगी, जिसमें उम्र, अंक और लॉटरी से जुड़े नए नियम लागू होंगे। शिक्षा निदेशालय ने पारदर्शिता के लिए गाइडलाइंस जारी की हैं और स्कूलों को 26 नवंबर तक अपने दाखिला मानक अपलोड करने हैं।

नर्सरी में एडमिशन की प्रोसेस क्या है?

अगले सत्र के लिए दिल्ली के निजी स्कूलों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने से पहले अभिभावकों के मन में उम्र, अंक और चयन के तरीके को लेकर कई सवाल रहते हैं। ऐसे में दिल्ली में नर्सरी कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया की पूरी गणित को आसानी से समझना बहुत जरूरी है, ताकि अभिभावक अपने बच्चों को मनचाहे स्कूल में प्रवेश दिलवाने में कामयाब हो सकें।

नर्सरी में कब तक ले सकते हैं एडमिशन?

शिक्षा निदेशालय ने वर्ष 2027-28 सत्र के लिए गाइडलाइंस जारी कर दाखिले की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों को अपने दाखिला मानक और उनके लिए निर्धारित अंक 26 नवंबर तक शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर अपलोड करने हैं।

किन बच्चों को मिलेंगे ज्यादा नंबर?

शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए स्कूलों ने अपने दाखिला फार्मूले तैयार करने शुरू कर दिए हैं। इस बार भी दाखिले में सबसे बड़ा दांव घर से स्कूल की दूरी पर लगेगा। यानी स्कूल के जितने करीब घर होगा, बच्चे के दाखिले की संभावना उतनी ही ज्यादा होगी। कई स्कूल नेबरहुड को 100 में से 30 से 70 अंक तक देने की तैयारी कर रहे हैं। भाई-बहन और पूर्व छात्र के बच्चों को भी अतिरिक्त अंकों का लाभ मिलेगा।

कौन से मीडियम में कर सकते अप्लाई?

निजी स्कूलों में नर्सरी (बाल वाटिका-1), एलकेजी (बाल वाटिका-2), यूकेजी (बाल वाटिका-3) और पहली कक्षा में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होगी। अभिभावक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकेंगे।

स्कूल कितनी कैटेगरी में बांटे गए?

मयूर विहार स्थित विद्या बाल भवन स्कूल ने 100 अंकों का दाखिला फार्मूला तैयार किया है। इसमें नेबरहुड को सबसे ज्यादा 70 अंक दिए गए हैं। स्कूल ने दूरी के आधार पर तीन श्रेणियां बनाई हैं — शून्य से एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले बच्चों को 70 अंक, एक से आठ किलोमीटर तक वालों को 60 अंक और आठ किलोमीटर से अधिक दूरी वालों को 50 अंक मिलेंगे। सिबलिंग के 20 और एल्युमिनी के 10 अंक निर्धारित हैं।

उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली के कई स्कूल भी पड़ोस के मानक को 30 से 70 अंक तक देने की तैयारी में हैं। ऐसे में स्कूल के आसपास रहने वाले बच्चों को दाखिले की दौड़ में दूसरों के मुकाबले बढ़त मिल सकती है। वहीं, स्कूलों के सामने किसी एक मानक के तहत सीटों से अधिक आवेदन आने पर लॉटरी के जरिए चयन करने का विकल्प रहेगा।

स्कूल वाले मनमानी करें तो…?

शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को दाखिला मानक तय करने की छूट दी है। हालांकि, अभिभावकों की शैक्षणिक योग्यता, नौकरीपेशा होना, बच्चों की खेल उपलब्धि, स्कूल परिवहन का इस्तेमाल, नशा या धूम्रपान नहीं करने और पहले आओ-पहले पाओ जैसे आधारों पर अंक देने पर रोक लगाई है। इन नियमों के उल्लंघन की निगरानी जिला स्तर पर गठित मॉनिटरिंग सेल करेंगे।

किन बच्चों को मिलेगी उम्र में छूट?

दाखिले के लिए आयु सीमा का निर्धारण कक्षा के अनुसार तय किया गया है — नर्सरी के लिए तीन से चार साल, लोअर केजी के लिए चार से पांच साल और अपर केजी के लिए पांच से छह साल। यदि बच्चे की उम्र तय सीमा से एक महीने कम या ज्यादा है, तो स्कूल के प्रिंसिपल को एक महीने तक की छूट देने का अधिकार दिया गया है। इसके लिए अभिभावकों को स्कूल में लिखित आवेदन देना होगा।

किन आधारों पर अंक देने पर लगी रोक?

नई गाइडलाइंस के तहत दाखिले में मनमाने अंक देने के कई पुराने मापदंडों पर रोक लगा दी गई है। माता-पिता की शैक्षणिक योग्यता, नौकरी की स्थिति, दोनों के कामकाजी होने, परिवार में पहला बच्चा होने, खानपान की आदत, संयुक्त परिवार, खेल या संगीत की प्रतिभा और स्कूल बस के इस्तेमाल पर अब कोई अंक नहीं मिलेंगे। साथ ही, बच्चे या अभिभावकों का इंटरव्यू लेने की भी अनुमति नहीं है।

स्कूलों के मानदंड और समयसीमा क्या है?

सभी निजी स्कूलों को 26 नवंबर 2026 तक अपनी वेबसाइट और शिक्षा विभाग के पोर्टल पर दाखिला मानदंड अपलोड करने होंगे। ये मानदंड घर से दूरी, स्कूल में पहले से पढ़ रहे भाई-बहन, पूर्व छात्र और सिंगल गर्ल चाइल्ड जैसे तय आधारों पर हो सकते हैं। तय तारीख तक मानदंड अपलोड न करने वाले स्कूलों की दाखिला प्रक्रिया 30 नवंबर तक रोकी जा सकती है।

पॉइंट्स, आपत्ति और चयन सूचियों का शेड्यूल कैसा रहेगा?

स्कूलों को चार जनवरी 2027 को आवेदकों के नाम और उनके अंक वेबसाइट पर जारी करने होंगे। अंकों को लेकर किसी भी प्रकार की आपत्ति की स्थिति में पांच से 11 जनवरी के बीच स्कूल में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, जिसका जवाब स्कूल को लिखित या ईमेल के माध्यम से देना होगा। इसके बाद 12 जनवरी को अंतिम अंक सूची, 20 जनवरी को पहली चयन सूची और पांच फरवरी को दूसरी चयन सूची जारी होगी, जिन पर तय अवधि में आपत्ति दर्ज कराने का प्रावधान रखा गया है।

समान अंक होने पर लॉटरी कैसे निकाली जाएगी?

यदि उपलब्ध सीटों से अधिक आवेदकों के अंक समान रहते हैं, तो चयन के लिए लॉटरी प्रणाली अपनाई जाएगी। लॉटरी की तारीख से कम से कम पांच दिन पहले अभिभावकों को सूचित करना होगा और यह प्रक्रिया अभिभावकों व शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ पूरी की जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News