Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में करीब 150 नर्सिंग स्टाफ को एक साथ 15 दिन की छुट्टी दे दी गई है। इससे अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई है और मरीजों की देखभाल, वार्ड संचालन तथा नियमित सेवाओं पर गंभीर असर पड़ रहा है। तीसरे फ्लोर के कुछ वार्ड बंद कर दिए गए हैं।
तीन दिसंबर को होने वाली नर्सिंग (परमानेंट) परीक्षा की तैयारी के लिए अस्पताल प्रबंधन ने एक साथ करीब 150 नर्सिंग स्टाफ को 15 दिन की छुट्टी दे दी है। इतनी बड़ी संख्या में नर्सों के एक साथ अवकाश पर जाने से अस्पताल में मरीजों की देखभाल और वार्डों के संचालन पर असर पड़ने लगा है।
बिना वैकल्पिक व्यवस्था के छुट्टी देने का आरोप
आरोप है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए नर्सिंग स्टाफ को छुट्टी देने से अस्पताल की व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल में पहले से ही मरीजों का दबाव रहता है। ऐसे में एक साथ 150 नर्सों को छुट्टी देना व्यवस्था के लिहाज से उचित नहीं है।
विद्यार्थियों से काम कराने का आरोप
नर्सिंग स्टाफ की कमी के कारण इमरजेंसी और आईसीयू को छोड़कर अन्य विभागों में नियमित चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। ओपीडी और वार्डों में मरीजों की देखभाल को लेकर भी परेशानी सामने आ रही है। आरोप है कि नर्सिंग स्टाफ की कमी को पूरा करने के लिए अस्पताल प्रबंधन विद्यार्थियों से काम करा रहा है।
डॉक्टरों का कहना है कि प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की जगह विद्यार्थियों से नियमित जिम्मेदारियां निभवाना मरीजों के हित में नहीं है। इससे मरीजों की देखभाल और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सीमित स्टाफ के सहारे चल रहा काम
सूत्रों के मुताबिक, नर्सिंग स्टाफ की कमी का असर अस्पताल के वार्डों पर भी पड़ा है। तीसरे फ्लोर पर बने कुछ वार्डों को बंद कर दिया गया है। इससे मरीजों के भर्ती होने और उपचार की उपलब्ध सुविधाओं पर असर पड़ रहा है। अस्पताल में पहले से भर्ती मरीजों की देखभाल के लिए भी सीमित स्टाफ के सहारे काम चलाना पड़ रहा है।