Mumbai News: टीवी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री करिश्मा तन्ना के घर खुशियों ने दस्तक दी है। करिश्मा और उनके पति वरुण बंगेरा एक प्यारे से बेटे के माता-पिता बन गए हैं। इस खुशखबरी को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अभिनेत्री ने अपने प्रशंसकों के साथ अपनी खुशी जाहिर की है।
करिश्मा तन्ना ने 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बेटे को जन्म दिया। इस खास दिन पर खुशियां साझा करते हुए उन्होंने अपने नवजात शिशु के पैर की एक बेहद प्यारी झलक पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि इस पवित्र दिन पर उन्हें सबसे बड़ा आशीर्वाद मिला है।
शादी के चार साल बाद बनीं मां
शादी के चार साल बाद करिश्मा और वरुण के घर यह नन्हा मेहमान आया है। एक्ट्रेस ने अप्रैल 2026 में अपनी प्रेग्नेंसी की खबर फैंस के साथ साझा की थी। इसके बाद वह अक्सर अपने मैटरनिटी फोटोशूट की तस्वीरें शेयर करती रहती थीं। हाल ही में पारंपरिक रीति-रिवाजों से उनकी गोद भराई भी हुई थी।
साल 2022 में करिश्मा ने बिजनेसमैन वरुण बंगेरा से शादी की थी। सोशल मीडिया पर यह गुड न्यूज सामने आते ही बधाई देने वालों का तांता लग गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा समेत कई बड़ी हस्तियों ने इस नए माता-पिता को ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।