विक्रमशिला सेतु: नवगछिया छोर पर सेंट्रिंग शुरू, 180 टन की गाड़ी से जांच के बाद 14 जनवरी तक खुलेगा पुल

Share

- Advertisement -

Bhagalpur News: भागलपुर और नवगछिया को जोड़ने वाले विक्रमशिला सेतु की मरम्मत तेज गति से चल रही है। चारों क्षतिग्रस्त हिस्सों में स्टील गर्डर लग गए हैं और नवगछिया छोर पर सेंट्रिंग शुरू हो गई है। दिसंबर से स्लैब की ढलाई होगी और 14 जनवरी तक 180 टन के वाहन से लोड टेस्ट के बाद पुल खोलने का लक्ष्य है।

भागलपुर और नवगछिया को जोड़ने वाले ऐतिहासिक विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन कार्यों ने अब काफी रफ्तार पकड़ ली है। पुल के सभी चारों क्षतिग्रस्त हिस्सों में भारी-भरकम स्टील गर्डर लगाने का कार्य पूरी तरह से समाप्त कर लिया गया है। अब स्लैबों की ढलाई की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू हो गई है। जिन जगहों पर स्टील गर्डर लांच किए गए हैं, वहां एंगल लगाकर सेंट्रिंग की तैयारी युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई है।

क्षतिग्रस्त हिस्से से सेंट्रिंग की शुरुआत

बीते 3 मई की रात विक्रमशिला सेतु का जो स्लैब ध्वस्त होकर गंगा नदी में गिर गया था, उसके पीछे वाले हिस्से में सेंट्रिंग की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। साइट पर कार्यरत कर्मियों के अनुसार, इस विशिष्ट हिस्से में सेंट्रिंग पूरी होने में पांच से छह दिन का समय लग सकता है।

15-16 दिन में होगी पूरी

इसके साथ ही अन्य तीन प्रभावित हिस्सों में भी सेंट्रिंग की तैयारी साथ-साथ चल रही है। कुल मिलाकर सेंट्रिंग के इस जटिल कार्य को पूरा करने में करीब 15-16 दिन का समय लगने की उम्मीद है।

इसके ठीक बाद स्लैबों की ढलाई का मुख्य कार्य शुरू किया जाएगा। यह ढलाई अगले माह (दिसंबर) से शुरू होगी। सभी चारों मुख्य स्लैबों की ढलाई कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने में 20 से 22 दिन का वक्त लग सकता है। कंक्रीट के पूरी तरह से जमने और मजबूत होने के लिए ढलाई के 21 दिन बाद ही सेंट्रिंग को खोला जाना शुरू किया जाएगा।

180 टन वजनी वाहन से होगी जांच, 14 जनवरी तक का है लक्ष्य

ढलाई और सेंट्रिंग खोलने की यह पूरी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद, पुल की वास्तविक भार वहन क्षमता और सुरक्षा की कड़ाई से जांच की जाएगी। इसके लिए सेतु पर 180 टन वजनी विशेष वाहन चलाकर लोड टेस्ट किया जाएगा। इस सफल परीक्षण के बाद ही पुल को आम और भारी यातायात के लिए खोला जाएगा, जिस पर 40 टन तक की क्षमता वाले भारी वाहन आसानी से आ-जा सकेंगे।

निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 14 जनवरी तक पुनर्स्थापन कार्य को हर हाल में पूरा करने की योजना पर 24 घंटे शिफ्टवार (दिन-रात) काम चल रहा है। इस कार्य की प्रगति की हर दिन की रिपोर्ट पटना मुख्यालय से ली जा रही है और वहां से पल-पल की मॉनिटरिंग की जा रही है।

पुल पर बेयरिंग लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि पुरानी रेलिंग और फुटपाथ को काटकर हटाने का कार्य भी आखिरी चरण में है। जल्द ही नई स्टील रेलिंग और लोहे का फुटपाथ बनाने का कार्य भी शुरू होगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News