Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (HPTU) हमीरपुर ने ऑनलाइन काउंसलिंग के चौथे चरण में बीटेक और बी फार्मेसी की 1,677 सीटें आवंटित कर दी हैं। जिन अभ्यर्थियों को सीटें मिली हैं, उन्हें 30 जुलाई को शाम 5 बजे तक संबंधित संस्थान में रिपोर्ट करना अनिवार्य है।
विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि बीटेक की सीटें एचपीसीईटी (HPCET) मेरिट और चॉइस के आधार पर दी गई हैं। वहीं, बी फार्मेसी डायरेक्ट एंट्री की 438 सीटें 12वीं (जमा दो) की मेरिट के आधार पर आवंटित की गई हैं।
इसके अलावा, एम फार्मेसी के पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग में भी 10 सीटें आवंटित की गई हैं। तय समय सीमा यानी 30 जुलाई शाम 5 बजे तक रिपोर्ट न करने वाले अभ्यर्थियों की सीट को खाली मान लिया जाएगा।
बीटेक और बी फार्मेसी लेटरल एंट्री सीटों का आवंटन आज
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में बी फार्मेसी और बीटेक लेटरल एंट्री के पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 29 जुलाई को होगी। इसमें डिप्लोमा की मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की जाएंगी।
इसके साथ ही बी आर्किटेक्चर (B.Arch) की पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग भी 29 जुलाई को नाटा (NATA) की मेरिट के आधार पर आयोजित होगी। एमटेक पाठ्यक्रम के पहले चरण की काउंसलिंग भी इसी दिन तय की गई है।