Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में साबुन के अंदर ब्लेड निकलने से नहाते समय एक बच्चे का गाल कट गया। मामले की सुनवाई करते हुए जिला उपभोक्ता आयोग ने साबुन निर्माता कंपनी, वितरक और दुकानदार पर कुल 56 हजार रुपये का मुआवजा और प्रकरण खर्च अदा करने का आदेश दिया है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित बहोड़ापुर क्षेत्र में साबुन के अंदर ब्लेड मिलने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में नहाते समय एक बच्चे के गाल पर गहरा कट लग गया और खून बहने लगा। मामले की सुनवाई के बाद जिला उपभोक्ता आयोग ने साबुन निर्माता कंपनी, वितरक और दुकानदार को मिलाकर कुल 56 हजार रुपये देने का आदेश दिया है।
बहोड़ापुर इलाके के निवासी अंगद तोमर ने आनंद नगर स्थित एक किराना दुकान से एक प्रमुख ब्रांड के 10 साबुन खरीदे थे। अगले दिन जब उनका बेटा उसी साबुन से नहाने गया, तो साबुन में छिपे ब्लेड से उसके गाल पर गहरा कट लग गया। बच्चे के चेहरे से खून निकलता देख परिजन घबरा गए और जब उन्होंने साबुन को ध्यान से देखा, तो उसके अंदर ब्लेड फंसा हुआ मिला।
बदले गए दूसरे साबुन में भी निकला ब्लेड
घटना के बाद परिजन वह साबुन लेकर संबंधित दुकानदार के पास पहुंचे, जिस पर दुकानदार ने उन्हें दूसरा साबुन का पैकेट दे दिया। परिवार ने सावधानी बरतते हुए दूसरे साबुन को उपयोग में लाने से पहले घिसकर जांचा, तो उसमें भी ब्लेड फंसा हुआ निकला। इसके बाद पीड़ित परिवार ने जिला उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई और नुकसान के बदले 3.50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की।
इलाज के दस्तावेज न होने से कम तय हुई राशि
सुनवाई के दौरान परिवार की ओर से 3.50 लाख रुपये के हर्जाने की मांग रखी गई थी, लेकिन वे बच्चे के इलाज से जुड़े चिकित्सा दस्तावेज आयोग के समक्ष पेश नहीं कर सके। इस कारण आयोग ने पूरी मांगी गई राशि स्वीकार करने के बजाय तीनों पक्षों पर अलग-अलग क्षतिपूर्ति और वाद व्यय तय किया।
आयोग के आदेश के अनुसार, साबुन निर्माता कंपनी को 50 हजार रुपये क्षतिपूर्ति और 2 हजार रुपये प्रकरण खर्च के रूप में देने होंगे। इसके अतिरिक्त दुकानदार और वितरक को भी 2-2 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति अदा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस तरह तीनों पक्षों को कुल 56 हजार रुपये का भुगतान करना होगा।