New Delhi News: दिल्ली में रविवार सुबह हल्के कोहरे और धुंध के साथ दिन की शुरुआत हुई, जहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। वहीं, राजधानी की हवा लगातार प्रदूषित बनी हुई है। AIIMS के आसपास AQI 326 दर्ज किया गया है, जबकि प्रदूषण के कारण लोगों को आंखों में जलन की शिकायत हो रही है।
दिल्ली में मौसम के बदलते मिजाज के बीच रविवार सुबह कई इलाकों में हल्का कोहरा और धुंध छाई रही। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप निकलने की उम्मीद है। रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोपहर की धूप से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और शाम के समय ठिठुरन बनी रहेगी।
AIIMS और DTU समेत कई इलाकों में हवा बेहद खराब
प्रदूषण के मोर्चे पर दिल्लीवासियों को फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार सुबह AIIMS के आसपास वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 326 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। वहीं, आनंद विहार में सुबह AQI 251 रिकॉर्ड किया गया।
इससे पहले शनिवार को दिल्ली का औसत AQI 265 दर्ज किया गया था और राजधानी के 15 इलाकों में यह 300 के पार पहुंच गया था। शनिवार को DTU में सबसे अधिक 361 AQI दर्ज हुआ। इसके अलावा नॉर्थ कैंपस में 353, चांदनी चौक में 351, सीरीफोर्ट में 349 और ITO में 327 AQI रिकॉर्ड किया गया।
लोगों को हो रही आंखों में जलन, चश्मे का ले रहे सहारा
बढ़ते प्रदूषण के कारण सड़कों पर निकलने वाले लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। आनंद विहार में स्थानीय लोगों ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि प्रदूषण का स्तर काफी अधिक है और पैदल चलते समय भी आंखों में जलन महसूस हो रही है। बचाव के लिए लोग अपने आसपास पानी का छिड़काव कर रहे हैं और आंखों पर चश्मा लगाकर बाहर निकल रहे हैं।
MCD ने ड्रोन से किया छिड़काव, काटे 30 हजार चालान
धूल और प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने शनिवार को विभिन्न विभागों के साथ मिलकर ड्रोन के माध्यम से पानी का छिड़काव किया। इसके साथ ही ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। निगम द्वारा नवंबर महीने में अब तक ऐसे मामलों में 30 हजार चालान काटे जा चुके हैं।
2027 तक प्रदूषण 20 फीसदी घटाने का लक्ष्य
दिल्ली-NCR की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने वर्ष 2027 तक प्रदूषण के स्तर में 15 से 20 फीसदी की कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए NCR के राज्यों, जिलों और नगर निगमों को अपनी वार्षिक कार्ययोजना तैयार करनी होगी। आयोग ने सभी संबंधित एजेंसियों को 5 दिसंबर तक अपनी कार्ययोजना जमा करने का निर्देश दिया है और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया है।