New Delhi News: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 21 नवंबर को भारी एयर कंजेशन के कारण कई उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा। आसमान में लगे जाम की वजह से विशाखापट्टनम और पटना से आने वाली फ्लाइट्स को जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया, जो घंटों के इंतजार के बाद देर रात दिल्ली पहुंच सकीं।
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (आईजीआई) एयरपोर्ट पर आने वाली उड़ानों को 21 नवंबर की शाम भारी एयर ट्रैफिक कंजेशन का सामना करना पड़ा। आसमान में विमानों की लंबी कतार लगने के कारण कई फ्लाइट्स को अंतिम समय में अपना मार्ग बदलना पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट से डाइवर्ट किए जाने के बाद इन विमानों को जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। घंटों के इंतजार और हवाई यातायात सामान्य होने के बाद ये फ्लाइट्स देर रात दिल्ली पहुंचीं।
विशाखापट्टनम से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट जयपुर भेजी गई
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, 21 नवंबर की शाम करीब 4 बजे से दिल्ली के हवाई क्षेत्र में भारी भीड़भाड़ शुरू हो गई थी। इसी दौरान एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1805 भी दिल्ली के आसमान में पहुंचकर जाम में फंस गई। इस विमान ने विशाखापट्टनम से अपने निर्धारित समय से दो मिनट पहले, शाम करीब 4:38 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी और इसे शाम करीब 7:20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करना था।
काफी देर तक हवा में चक्कर लगाने के बावजूद जब लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली, तो दिल्ली एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) ने इसे जयपुर डाइवर्ट कर दिया। करीब 20 मिनट के इंतजार के बाद विमान जयपुर एयरपोर्ट पर उतरा और वहां लगभग एक घंटे तक खड़ा रहा। रात करीब 8:27 बजे जयपुर से उड़ान भरने की अनुमति मिलने के बाद यह फ्लाइट रात करीब 9:05 बजे दिल्ली पहुंची। इस पूरी प्रक्रिया में यात्रियों को करीब डेढ़ घंटे तक विमान में फंसे रहना पड़ा।
पटना से दिल्ली आ रही फ्लाइट का भी बदला रास्ता
इसी तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX2230 भी दिल्ली में एयर कंजेशन का शिकार हुई। इस उड़ान को पटना से दिल्ली के लिए रवाना होना था, जिसे शाम करीब 6:20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचना था। लेकिन दिल्ली में हवाई यातायात अधिक होने के कारण इस फ्लाइट को भी जयपुर एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। जयपुर में रुकने के बाद यह फ्लाइट रात करीब 9:50 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच सकी।