Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती में योगीराज देवराहा बाबा कथा मंडपम में श्री रामकथा के समापन के बाद शुक्रवार को दिव्य दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और कथा के यजमान व कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने कथा का विरोध करने वालों पर तीखा हमला बोला।
दिव्य दरबार को संबोधित करते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि तीन दिनों तक रामकथा का दिव्य और भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विरोधियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यदि कोई हिंदुओं को छेड़ेगा तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा, और जो लोग कथा को रोकने की बात कर रहे थे, उनकी ‘ठठरी बर गई’।
हिंदू एकता पर धीरेंद्र शास्त्री का बयान
विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनके एक बयान के बाद कुछ लोग अस्थायी रूप से कृष्ण भक्त बन गए थे, लेकिन गोपाष्टमी के अवसर पर उनमें से कोई भी गोपूजन करता दिखाई नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग नाम बदल-बदल कर इसलिए विरोध कर रहे हैं ताकि हिंदुओं को आपस में लड़वाया जा सके।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “मैंने पहले भी कहा है और आज भी कह रहा हूं कि हमें हिंदू एकता के लिए गालियां तो क्या, गोली भी खानी पड़ेगी तो भी हम हिंदू एकता का कार्य करेंगे।” उन्होंने आगे कहा कि उन्हें विश्वास है कि अब उन्हें गोली नहीं, बल्कि हिंदुओं का विरोध करने वालों को सिरदर्द की गोली खानी पड़ेगी।
राजा भैया ने विरोधियों को दिया जवाब
अब तक रामकथा के विरोध को लेकर शांत रहे कथा के मुख्य आयोजक और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने भी अंतिम दिन विरोधियों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर प्रतिदिन तीन-चार हेलीकॉप्टर उतर रहे हैं और वे चाहते तो प्रयागराज एयरपोर्ट पर उतरने के बाद धीरेंद्र शास्त्री को हेलीकॉप्टर से सीधे यहां ला सकते थे।
राजा भैया ने कहा, “हम यह देखना चाहते थे कि उन्हें रोकने वाले कौन हैं, इसलिए मैं स्वयं प्रयागराज एयरपोर्ट गया और पुलिस-प्रशासन को भी सूचना नहीं दी, लेकिन रास्ते में कोई विरोध करने वाला नजर नहीं आया।” उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि भारत में कोई यह कहे कि रामकथा नहीं होगी, क्या यह पाकिस्तान, अफगानिस्तान या बांग्लादेश है। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री हिंदुओं को एक करने और जाति-पात का भेदभाव मिटाने की बात करते हैं, इसलिए कुछ लोगों को वे अखरते हैं।
उदय प्रताप सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट और समर्थकों के पोस्टर
कथा के बीच राजा भैया के पिता भदरी नरेश राजा उदय प्रताप सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने अपने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर लिखा कि हिंदू विरोधी ताकतों से लड़ने के लिए देश को एक कट्टर हिंदूवादी प्रधानमंत्री की आवश्यकता है और वर्तमान में केवल योगी आदित्यनाथ ही इसके लिए उपयुक्त हैं। उनकी इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स की विभिन्न प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इसके अतिरिक्त, कथा स्थल के दौरान कुछ समर्थक ऐसे पोस्टर लिए भी नजर आए, जिनमें योगी आदित्यनाथ को देश का प्रधानमंत्री और राजा भैया को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई थी।