London News: ब्रिटेन की पूर्व गृह मंत्री और कंजरवेटिव पार्टी की नेता प्रीति पटेल ने भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के अब तक ब्रिटेन में रहने पर कड़ी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारत के सबसे बड़े बैंकिंग घोटाले के आरोपी को वापस न भेज पाना ब्रिटेन की व्यवस्था की एक बड़ी नाकामी है।
द डेली टेलीग्राफ पॉडकास्ट में बात करते हुए प्रीति पटेल ने कहा कि नीरव मोदी के प्रत्यर्पण में हो रही लगातार देरी से भारतीय प्राधिकारी बेहद नाराज और निराश हैं। अगर ब्रिटिश कानूनी व्यवस्था प्रक्रियाओं और बहानों में उलझने के बजाय सही कदम उठाती, तो यह आरोपी अब तक भारत की जेल में होता।
ब्रिटिश कानूनी व्यवस्था के दुरुपयोग पर उठाए कड़े सवाल
हीरा कारोबारी नीरव मोदी पंजाब नेशनल बैंक से जुड़े दो अरब डॉलर के धोखाधड़ी मामले में लंदन की पेंटनविल जेल में बंद है। वह ब्रिटेन में सभी कानूनी विकल्प और यूरोपीय मानवाधिकार अदालत में अपील हार चुका है। इसके बावजूद प्रत्यर्पण में हो रही देरी को प्रीति पटेल ने व्यवस्था का खुला दुरुपयोग बताया।
पटेल ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान भारत सरकार प्रत्यर्पण मामलों को लेकर काफी सख्त रुख अपनाती थी। नीरव मोदी जैसे हाई-प्रोफाइल मामलों में धीमी प्रगति के कारण भारत के साथ अन्य समझौते करने में ब्रिटेन को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था, जो दोनों देशों के संबंधों के लिए निराशाजनक था।
गौरतलब है कि भारत में नीरव मोदी के खिलाफ तीन मुख्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें सीबीआई का बैंक धोखाधड़ी मामला, प्रवर्तन निदेशालय का मनी लॉन्ड्रिंग केस और गवाहों को प्रभावित करने का आरोप शामिल है। ब्रिटेन के उच्च न्यायालय द्वारा याचिका खारिज होने के बाद अब उसके जल्द प्रत्यर्पण की संभावना है।