Gorakhpur News: गोरखपुर जिले के नाम आज एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज होने जा रही है। प्रदेश के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के बाद अब गोरखपुर को उत्तर प्रदेश का पहला और देश का दूसरा वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय (फॉरेस्ट्री एंड हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी) मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज कैंपियरगंज तहसील के भारीवैसी में इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे।
50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 491 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस संस्थान की आधारशिला रखे जाने के साथ ही उच्च शिक्षा के क्षेत्र में जिले को एक नई पहचान मिलेगी। इस संस्थान के शुरू होने के बाद गोरखपुर प्रदेश का एक ऐसा अनूठा जिला बन जाएगा, जहां दो विशिष्ट विश्वविद्यालयों सहित कुल पांच विश्वविद्यालय संचालित होंगे।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य अत्यंत भव्य और आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा।
विश्वविद्यालय में विकसित होंगी ये आधुनिक सुविधाएं
डीएफओ शुभम सिंह ने परिसर की रूपरेखा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए विश्वस्तरीय व्यवस्थाएं की जाएंगी। परिसर में निम्नलिखित प्रमुख सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा:
- एक प्रशासनिक भवन और दो शैक्षणिक ब्लॉक
- केंद्रीय पुस्तकालय और बहुउद्देशीय सभागार
- 895 विद्यार्थियों के लिए आधुनिक छात्रावास
- शिक्षकों व कर्मचारियों के लिए 401 आवासीय यूनिट
- किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथि गृह
कमिश्नर और डीआईजी ने लिया तैयारियों का जायजा
शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह और डीआईजी डॉ. एस. चनप्पा ने बुधवार को कैंपियरगंज वन क्षेत्र के भारीवैसी का दौरा किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी और वन विभाग के अधिकारियों से विश्वविद्यालय के लेआउट, मुख्य मंच, शिलान्यास स्थल, सेफ हाउस, पौधारोपण स्थल और पार्किंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली तथा सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को लेकर विधायक ने की बैठक
दूसरी ओर, महावनखोर में विधायक फतेह बहादुर सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की। इस दौरान कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। विधायक फतेह बहादुर सिंह ने सभी से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख अश्वनी जायसवाल, जंगल कौड़िया ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, पीपीगंज चेयरमैन लक्ष्मण विश्वकर्मा, चौमुखा के चेयरमैन प्रतिनिधि गोपाल सिंह, गणेश दत्त त्रिपाठी, गन्ना समिति चेयरमैन संगम दुबे, मंडल अध्यक्ष त्रिभुवन पासवान, डोरा सिंह, दिलीप यादव, राजन पांडेय, गुड्डू यादव, अखिलेश जायसवाल और ओमेंद्र मणि सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।