Bengaluru News: कर्नाटक के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री रिजवान अरशद ने केंद्र सरकार से राज्यों के साथ विचार-विमर्श कर E20 पेट्रोल कार्यक्रम की समीक्षा करने का अनुरोध किया है। राज्य की जांच में 63 पेट्रोल पंपों में से 11 के नमूनों में एथनॉल की मात्रा निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा से अधिक पाई गई है।
कर्नाटक के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री रिजवान अरशद ने केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर E20 पेट्रोल कार्यक्रम की समीक्षा करने की मांग की है। मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर राज्यों के साथ विचार-विमर्श करना चाहिए।
अरशद ने 17 नवंबर को केंद्रीय मंत्री को भेजे गए इस पत्र में राज्यभर में की गई जांच और प्रयोगशालाओं के परीक्षणों के नतीजे साझा किए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार की जांच के दौरान कुल 63 पेट्रोल पंपों से नमूने लिए गए थे। इनमें से 11 पेट्रोल पंपों के नमूनों में एथनॉल की मात्रा निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा से अधिक पाई गई है।
उपभोक्ताओं के हितों से समझौता स्वीकार नहीं
मंत्री रिजवान अरशद ने राज्य सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि सरकार एथनॉल मिश्रण के खिलाफ नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि निर्धारित मात्रा से अधिक मिश्रण और उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
केंद्र सरकार से की ये प्रमुख मांगें
उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए कर्नाटक के मंत्री ने केंद्र सरकार से कई महत्वपूर्ण कदम उठाने का अनुरोध किया है। इनमें पेट्रोल पंपों पर बेचे जाने वाले ईंधन में एथनॉल की वास्तविक मात्रा स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना शामिल है। इसके अलावा, उन्होंने पंपों पर E20 पेट्रोल के साथ-साथ E10 और एथनॉल मुक्त पेट्रोल भी उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं के पास विकल्प मौजूद रहे।