National News: देशभर में 20 नवंबर, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी का पर्व मनाया जाएगा। हिंदू पंचांग के अनुसार एकादशी तिथि सुबह 7 बजकर 16 मिनट पर शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 32 मिनट तक रहेगी। उदयातिथि के चलते 20 नवंबर को ही व्रत रखना श्रेष्ठ रहेगा और अगले दिन द्वादशी को तुलसी विवाह संपन्न होगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार माह की योग निद्रा पूरी करने के बाद जागृत होते हैं। इसी दिन से देश के कई राज्यों में एकादशी से लेकर द्वादशी तिथि तक माता तुलसी और भगवान विष्णु के विवाह की परंपरा निभाई जाती है। 20 नवंबर को सूर्योदय सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर होगा और एकादशी तिथि सुबह 7 बजे के बाद आरंभ होगी, इसलिए श्रद्धालु शुक्रवार को ही उपवास रख सकेंगे।
पंचांग के अनुसार प्रमुख शुभ मुहूर्त
आचार्य शशिकांत शर्मा ने पंचांग की गणना के आधार पर पूजा के प्रमुख मुहूर्तों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एकादशी के दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 1 मिनट से सुबह 5 बजकर 44 मिनट तक रहेगा। इसके पश्चात विजय मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 53 मिनट से 2 बजकर 35 मिनट तक और गोधूलि मुहूर्त शाम 5 बजकर 26 मिनट से 5 बजकर 52 मिनट तक रहेगा। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को पूरे विधि-विधान के साथ माता तुलसी का विवाह भगवान शालिग्राम के साथ कराया जाता है।
देवउठनी एकादशी पर पूजा विधि और उपाय
आचार्य शशिकांत शर्मा के अनुसार, इस शुभ अवसर पर तुलसी माता को लाल चुनरी अर्पित करनी चाहिए। साथ ही, तुलसी के पौधे में पीले धागे में 11 गांठ लगाकर बांधना और कच्चा दूध अर्पित कर घी का दीपक जलाना शुभ माना जाता है। भगवान श्रीकृष्ण को तुलसी अत्यंत प्रिय है, इसलिए पूजा के दौरान उन्हें 11 तुलसी दल अवश्य अर्पित करें।
उन्होंने आगे बताया कि एकादशी के दिन तुलसी के पौधे के समीप बैठकर ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नमः’ मंत्र का 11 बार जाप करना चाहिए। परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए तुलसी के पौधे में कलावा बांधें। शाम के समय तुलसी के पास घी का दीपक जलाने के बाद पौधे की 7 या 11 बार परिक्रमा करें। मान्यता है कि इस विधि से पूजन करने पर घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है।