दिल्ली के कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन पर एस्केलेटर के पास खड़ी दिखी गाय, तस्वीर वायरल होने पर DMRC ने जताया खेद

Share

- Advertisement -

New Delhi News: दिल्ली के कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार पर एस्केलेटर के पास एक गाय खड़ी दिखाई देने से यात्री हैरान रह गए। इस घटना की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर वायरल होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने खेद जताया है और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

दिल्ली के कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन पर उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब मेट्रो पकड़ने पहुंचे यात्रियों को प्रवेश-निकास द्वार के एस्केलेटर के ठीक पास एक गाय खड़ी दिखाई दी। स्टेशन परिसर में अचानक मवेशी को देखकर वहां मौजूद यात्री चौंक गए। इस घटना की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर प्रतीक सैनी नामक एक यूजर ने इस घटना की तस्वीर साझा की है। तस्वीर में कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास एस्केलेटर के नजदीक एक गाय खड़ी नजर आ रही है, जबकि पास की सीढ़ियों से नीचे उतर रहे दो यात्री हैरानी से उसकी ओर देख रहे हैं। यूजर ने फोटो साझा करते हुए लिखा, “मेट्रो स्टेशन के आसपास हो रही चीजें… कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन पर।”

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, DMRC ने दी प्रतिक्रिया

तस्वीर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने मेट्रो स्टेशन की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई यूजर्स ने इस बात पर हैरानी जताई कि स्टेशन के प्रवेश द्वार पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बावजूद एक आवारा पशु एस्केलेटर के इतने करीब कैसे पहुंच गया।

मामला संज्ञान में आने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने इस पर आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। डीएमआरसी ने घटना के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। साथ ही, कॉरपोरेशन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्टेशन कर्मचारियों को आवारा पशुओं को परिसर से दूर रखने के निर्देश दोबारा जारी किए गए हैं।

Read more

Related News