Mandi News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मंडी जिले के नाचन से भाजपा विधायक विनोद कुमार ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था चरमराने और भ्रष्टाचार बढ़ने के आरोप लगाए। इन आरोपों पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने तीखा पलटवार करते हुए तथ्य पेश न करने पर मामला दर्ज करने की चेतावनी दी।
सदन की कार्यवाही के दौरान विधायक विनोद कुमार ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार सरकार की नाक के नीचे अधिकारी बेलगाम हो गए हैं और जनप्रतिनिधियों की बातों को पूरी तरह अनसुना किया जा रहा है। उनके इन आरोपों के बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
सीएम सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर आमने-सामने
विधायक के आरोपों पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विधायक सदन में तथ्य सहित आरोप लगाएं, अन्यथा उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के इस बयान पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए सरकार को घेरा। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जितने मर्जी मामले दर्ज करवा लें, विपक्ष इससे डरने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष को विधानसभा के भीतर बोलने नहीं दिया जाएगा, तो वे जनता के दरबार में अपनी बात रखेंगे।
लोक निर्माण विभाग में ऑफलाइन टेंडर और कमीशनखोरी के आरोप
विधायक विनोद कुमार ने लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग में विकास कार्यों के लिए पैसा केंद्र सरकार से मिल रहा है, लेकिन राज्य में ऑनलाइन की जगह ऑफलाइन टेंडर करवाकर चहेतों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार ठेकेदारों को अपने बिल पास करवाने के लिए लाखों रुपये की रिश्वत देनी पड़ रही है और बिना कमीशन के कोई भी काम नहीं हो रहा है।
तबादला नीति और खनन माफिया को लेकर सरकार को घेरा
सरकार की तबादला नीति पर निशाना साधते हुए नाचन विधायक ने आरोप लगाया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में सेवाएं दे रहे स्थानीय कर्मचारियों को जानबूझकर प्रताड़ित कर दूरदराज के क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जा रहा है, जबकि बाहरी क्षेत्रों से लोगों को यहां भेजा जा रहा है। उन्होंने तबादलों के रेट तय होने का भी आरोप लगाया। इसके साथ ही, विधायक ने राज्य में खनन माफिया के हावी होने की बात कहते हुए सरकार की प्रशासनिक पकड़ पर सवाल उठाए।