New Delhi News: सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो मामले में दो दोषियों—बिपिनचंद जोशी और प्रदीप मोधिया—की उम्रकैद की सजा को निलंबित करते हुए उन्हें जमानत दे दी है। अदालत ने यह फैसला इस आधार पर लिया कि दोनों 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं और उनकी अपील में विचार योग्य कानूनी मुद्दे शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो मामले में दो दोषियों की उम्रकैद की सजा को निलंबित कर दिया है और उन्हें जमानत दे दी है। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने 28 अक्टूबर को यह आदेश पारित किया।
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि दोनों दोषी पहले ही 17 साल से अधिक समय जेल की सजा काट चुके हैं। पीठ ने यह भी माना कि उनकी अपील में ऐसे तथ्य और कानूनी मुद्दे शामिल हैं, जिन पर विचार किए जाने की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त, कोर्ट ने इस बात पर भी गौर किया कि अपीलकर्ताओं में से एक, बिपिनचंद जोशी, गंभीर रूप से दिव्यांग हैं।
हाई कोर्ट के फैसले को दी गई थी चुनौती
राहत पाने वाले दोनों दोषी, बिपिनचंद जोशी और प्रदीप मोधिया, उन 11 दोषियों में शामिल हैं जिनकी समयपूर्व रिहाई को सुप्रीम कोर्ट ने जनवरी 2024 में रद्द कर दिया था। इसके बाद दोनों ने बॉम्बे हाई कोर्ट के मई 2017 के उस फैसले को शीर्ष अदालत में चुनौती दी थी, जिसमें उनकी दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा गया था।