Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर उपडाकघर में एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। डाकघर की बचत योजनाओं में लोगों द्वारा जमा किए गए करोड़ों रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने डाक सहायक और तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अधिकारियों ने अपने पदों का दुरुपयोग करते हुए खाताधारकों की गाढ़ी कमाई हड़प ली थी।
सालों तक जमा कराते रहे पैसे, मैच्योरिटी पर खुली पोल
घाटमपुर क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से पोस्ट ऑफिस की अलग-अलग बचत योजनाओं में पैसे जमा करवा रहे थे। लोगों को उम्मीद थी कि तय समय पूरा होने पर उन्हें ब्याज सहित उनकी रकम मिल जाएगी। लेकिन जब खाताधारकों ने पॉलिसी मैच्योर होने पर भुगतान के लिए संपर्क किया, तो उनके होश उड़ गए। कई लोगों के खातों में रकम गायब मिली, तो कई मामलों में यह सामने आया कि उनके नाम से कोई खाता खोला ही नहीं गया था। अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों की आधिकारिक शिकायतें सामने आ चुकी हैं, और आशंका जताई जा रही है कि घोटाले का दायरा इससे कहीं बड़ा हो सकता है।
एक की यूजर आईडी से निकासी, दूसरे ने किया सत्यापन
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष 3 सदस्यीय टीम का गठन किया गया था। जांच में यह खुलासा हुआ कि खातों से अवैध तरीके से रकम निकालने के लिए डाक सहायक शिवम सचान की यूजर आईडी का इस्तेमाल किया गया था, जबकि उस लेनदेन के सत्यापन और पुष्टि के लिए तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल राकेश कुमार मिश्रा की सुपरवाइजरी यूजर आईडी का उपयोग किया गया था। दोनों ने आपसी मिलीभगत से इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया।
दिवंगत दंपती के खाते से भी निकाले 7 लाख से ज्यादा
इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब खाताधारक आकांक्षा चौरसिया ने अपने दिवंगत माता-पिता (जितेंद्र कुमार चौरसिया और अर्चना चौरसिया) के संयुक्त खाते से उनकी मृत्यु के बाद अवैध रूप से पैसे निकाले जाने की शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि 23 जनवरी 2025 को 4 लाख 15 हजार रुपये और 28 मई 2025 को 2 लाख 98 हजार रुपये यानी कुल 7 लाख 13 हजार रुपये निकाले गए थे। डिजिटल रिकॉर्ड की जांच करने पर इन दोनों ही निकासियों में शिवम सचान और राकेश कुमार मिश्रा की यूजर आईडी का इस्तेमाल पकड़ा गया।
विभागीय जांच के बाद हुई गिरफ्तारी
शुरुआती आंतरिक जांच में दोनों कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आने के बाद डाक विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। इसके बाद कार्यालय अधीक्षक रवि कुमार की शिकायत पर घाटमपुर थाने में दो एफआईआर दर्ज की गईं। पुलिस की विशेष टीम द्वारा की गई पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस घोटाले की चपेट में कुल कितने खाते आए हैं और कुल कितनी राशि का गबन किया गया है।