टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ रहा था गिरोह

Share

- Advertisement -

Sonipat News: अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की साजिश मामले में क्राइम ब्रांच की जांच में अहम खुलासे हुए हैं। पकड़े गए दोनों मुख्य शूटर रेहान और फूल सिंह सोनीपत के रहने वाले हैं। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह सोशल मीडिया से प्रभावित और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को निशाना बनाकर अपराध में शामिल कर रहा है।

अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की साजिश रचने और उसे अंजाम देने के मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों मुख्य शूटरों को लेकर क्राइम ब्रांच की जांच में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। जांच में पकड़े गए शूटरों की पहचान रेहान और फूल सिंह के रूप में हुई है। दोनों के शुरुआती बयानों से यह पता चला है कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह नए लड़कों की भर्ती के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहा है।

क्राइम ब्रांच की जांच के अनुसार, इस गिरोह के निशाने पर ऐसे युवा रहते हैं जो कम उम्र के हैं, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं और सोशल मीडिया पर अपराधियों की गतिविधियों से प्रभावित रहते हैं। इस पूरे नेटवर्क के संचालन में हरियाणा में सक्रिय गैंगस्टर अनिल पंडित की मुख्य भूमिका होने की बात सामने आई है। आरोप है कि अनिल पंडित ने पहले इन दोनों युवकों को छोटे-छोटे काम सौंपकर अपने नेटवर्क से जोड़ा और उनका भरोसा जीतने के बाद उन्हें बॉलीवुड से जुड़ी इस बड़ी वारदात को अंजाम देने का जिम्मा दिया।

सोनीपत के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, 12वीं कक्षा के हैं छात्र

पुलिस जांच में सामने आए पहले आरोपी की पहचान रेहान पुत्र रहीशु के रूप में हुई है। रेहान मूल रूप से सोनीपत की ईदगाह कॉलोनी का निवासी है और वर्तमान में सोनीपत के ही देवड़ू गांव में अपने मामा के घर रह रहा था। दूसरा आरोपी फूल सिंह पुत्र नरेश है, जो सोनीपत जिले की गोहाना तहसील अंतर्गत बरौदा गांव का रहने वाला है।

जांच अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों की पारिवारिक और आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। दोनों के माता-पिता अलग-अलग रहते थे। रेहान और फूल सिंह दोनों ही 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। पढ़ाई की उम्र में ही ये दोनों युवक इस आपराधिक नेटवर्क के संपर्क में आ गए, जिसके बाद गिरोह ने धीरे-धीरे उन्हें अपने गुर्गों के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।

Read more

Related News