New Delhi News: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) को लेकर अहम प्रगति हुई है। वाशिंगटन ने नई दिल्ली को भरोसा दिया है कि इस समझौते के तहत भारत को अपने प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में बेहतर टैरिफ लाभ मिलेगा। सरकार मौजूदा वित्त वर्ष के अंत तक डील के पहले चरण को पूरा करने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर जारी बातचीत के बीच भारत के लिए सकारात्मक संकेत मिले हैं। अमेरिका ने भारत को आश्वासन दिया है कि प्रस्तावित व्यापार समझौते के तहत भारतीय उत्पादों को उनके प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बेहतर टैरिफ (आयात शुल्क) सुविधा दी जाएगी।
समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) ने भारत सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि अमेरिका ने इस संबंध में भरोसा दिया है। हालांकि, अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम समझौते में टैरिफ का वास्तविक ढांचा किस प्रकार तैयार होता है और भारत को कितनी छूट मिलती है, यह दोनों देशों के बीच तय होने वाली अंतिम शर्तों पर निर्भर करेगा।
मौजूदा वित्त वर्ष के अंत तक पहले चरण को पूरा करने का लक्ष्य
दोनों देश इस द्विपक्षीय व्यापार समझौते को कई चरणों में लागू करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। फिलहाल बातचीत का मुख्य केंद्र समझौते के पहले चरण यानी शुरुआती पैकेज को अंतिम रूप देना है। भारत का लक्ष्य है कि चालू वित्त वर्ष के अंत तक इस शुरुआती पैकेज पर सहमति बना ली जाए।
वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के अनुसार, शुरुआती पैकेज और व्यापक व्यापार समझौते पर बातचीत समानांतर रूप से चल रही है। अंतिम समझौते को एक कानूनी दस्तावेज के रूप में तैयार किया जाएगा, जिसके साथ अलग-अलग विषयों से जुड़े विस्तृत अनुलग्नक (एनेक्सचर) भी शामिल होंगे।
पहले पैकेज से बाहर रहेगा सेवा क्षेत्र, कस्टम प्रक्रिया पर भी हुई चर्चा
प्रस्तावित व्यापार समझौते के पहले चरण में सेवा क्षेत्र (सर्विसेज) से जुड़े मुद्दों को शामिल नहीं किया जाएगा। इन विषयों पर दूसरे चरण और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के अंतर्गत बातचीत की जाएगी। इसके अतिरिक्त, अंतिम समझौते में सीमा शुल्क (कस्टम) और व्यापार को सुगम बनाने से जुड़ा एक अलग अध्याय भी जोड़ा जाएगा, जिससे आयात-निर्यात की प्रक्रियाएं सरल हो सकेंगी।
वाणिज्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि व्यापार वार्ता केवल टैरिफ तक सीमित नहीं है, बल्कि कस्टम और व्यापार सुविधा के मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा हो रही है। इसी सिलसिले में अमेरिका का एक दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 2 और 3 नवंबर को भारत दौरे पर आया था, जहां दोनों पक्षों के अधिकारियों ने व्यापारिक बाधाओं को कम करने और प्रक्रियाओं को आसान बनाने पर विचार-विमर्श किया।