शिमला के समाजसेवी सरबजीत सिंह बॉबी को केबीसी में मिला ‘फोर्स ऑफ गुड’ अवॉर्ड, अमिताभ बच्चन ने की सराहना

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पिछले 12 वर्षों से जरूरतमंदों की सेवा और मानवता के प्रति समर्पण की मिसाल पेश कर रहे समाजसेवी सरबजीत सिंह बॉबी को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। लोकप्रिय टेलीविजन शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के मंच पर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने उन्हें ‘फोर्स ऑफ गुड’ अवॉर्ड से सम्मानित किया। यह सम्मान बॉबी की वर्षों से जारी निस्वार्थ सेवा और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान को समर्पित है।

केबीसी के मंच पर साझा की अपनी सेवा यात्रा

सरबजीत सिंह बॉबी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी खुशी साझा करते हुए बताया कि 10 नवंबर को रिकॉर्ड किए गए केबीसी के विशेष एपिसोड में उनकी सेवा यात्रा को प्रमुखता से दिखाया गया है। इस दौरान उनकी एक विशेष रील भी प्रदर्शित की गई, जिसे केबीसी की टीम ने पिछले महीने शिमला पहुंचकर तैयार किया था। इस विशेष एपिसोड का प्रसारण 12 नवंबर 2026 को रात 9 बजे किया गया। गौरतलब है कि सरबजीत बॉबी को शिमला में प्यार से ‘सबसे वेहला बंदा’ भी कहा जाता है, जिसका अर्थ है कि वह लोगों की मदद के लिए हर समय तत्पर रहते हैं और जनता की सेवा को ही अपना मुख्य कर्म मानते हैं।

अमिताभ बच्चन से मुलाकात को बताया यादगार पल

बॉबी ने केबीसी के सेट पर बिताए करीब चार घंटों को अपने जीवन का सबसे यादगार और सपने के सच होने जैसा अनुभव बताया। इस दौरान उन्हें अमिताभ बच्चन से मिलने, लंबी बातचीत करने और अपनी सामाजिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से चर्चा करने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन की ऊर्जा, सादगी और विनम्र व्यवहार ने उनका दिल जीत लिया। इतने बड़े व्यक्तित्व का लोगों से इतने आत्मीय और सरल तरीके से मिलना उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा। बॉबी ने अमिताभ बच्चन को जानकारी दी कि वह पिछले 12 वर्षों से शिमला के अस्पतालों में प्रतिदिन करीब 4,000 जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध करवा रहे हैं। इसके अलावा, पिछले 28 वर्षों से उनके द्वारा शव वाहन सेवा भी सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में आवश्यक सहायता मिल सके।

सहयोगियों को दिया सफलता का श्रेय और सरकार से की मांग

सरबजीत सिंह बॉबी ने इस राष्ट्रीय सम्मान का पूरा श्रेय उन सभी समर्पित सहयोगियों को दिया, जो वर्षों से उनके इस सेवा अभियान में कंधे से कंधा मिलाकर साथ दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि मानवता की सेवा में जुटे हर उस साथी का है जिन्होंने उनका साथ निभाया है।

इस दौरान बॉबी ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि चामियाना अस्पताल में लंगर सेवा के लिए उचित स्थान और छत की व्यवस्था करवाई जाए। उन्होंने कहा कि यह सुविधा केवल उनके लिए नहीं, बल्कि उन गरीब मरीजों और तीमारदारों के लिए बेहद जरूरी है जो अस्पताल में भोजन ग्रहण करने पहुंचते हैं ताकि उन्हें बारिश, धूप और मौसम की अन्य परेशानियों से बचाया जा सके।

जल्द शुरू करेंगे एक और नई लंगर सेवा

समाजसेवी सरबजीत सिंह बॉबी ने यह भी घोषणा की कि जरूरतमंदों की सेवा के इस सिलसिले को और आगे बढ़ाते हुए वह जल्द ही एक और नई लंगर सेवा शुरू करने की योजना पर काम कर रहे हैं। उनका संकल्प है कि समाज में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए, इसी उद्देश्य के साथ वह लगातार अपने सेवा कार्यों का दायरा बढ़ा रहे हैं। बॉबी न केवल अस्पतालों के बाहर मरीजों के तीमारदारों के लिए लंगर लगाते हैं, बल्कि मुफ्त शव वाहन सेवा प्रदान करने के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं के समय भी हमेशा राहत कार्यों में आगे रहते हैं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News