China News: चीन के गुआंगदोंग प्रांत में रविवार को ‘नौल’ तूफान की दस्तक के साथ ही भारी तबाही देखने को मिली है। तेज बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ की चपेट में आने से करीब 10 लोगों की मौत हो गई है।
यह इस साल चीन के तटीय इलाकों से टकराने वाला 12वां और अब तक का सबसे खतरनाक तूफान माना जा रहा है। ‘नौल’ तूफान देर रात लगभग 3:50 बजे गुआंगदोंग के हुइझोउ शहर के तट से टकराया। इसके असर से पूरे क्षेत्र में तेज हवाएं चलीं।
यातायात सेवाएं ठप्प और राष्ट्रीय मौसम केंद्र का अलर्ट
सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, गांसू के एक प्रमुख पर्यटन क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। तूफान के खतरे को देखते हुए पूरे गुआंगदोंग प्रांत में हाई-स्पीड रेल सेवाओं और कई उड़ानों को तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने पहले ही रेड अलर्ट जारी कर दिया था। हालांकि, रविवार को तूफान की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ने पर मौसम विभाग ने चेतावनी का स्तर घटाकर ‘ऑरेंज’ और बाद में ‘येलो’ अलर्ट में बदल दिया।
162 किमी प्रति घंटे की रफ्तार और राहत कार्य जारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक तूफान के दौरान हवाओं की रफ्तार 162 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। यह रफ्तार दो हफ्ते पहले आए ‘बावी’ तूफान से भी ज्यादा थी। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों के लिए विशेषज्ञों की एक विशेष टीम को तुरंत रवाना किया गया है।
स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने और उनकी मूलभूत जरूरतें पूरी करने में जुटा है। इसके अलावा, राष्ट्रीय विकास और सुधार आयोग ने आपदा राहत और पुनर्वास कार्यों को गति देने के लिए 10 करोड़ युआन की आपात सहायता राशि मंजूर की है।