Kannauj News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले स्थित प्रसिद्ध लाख बहोसी पक्षी विहार में सर्दियों के आगमन के साथ प्रवासी पक्षियों का जमावड़ा शुरू हो गया है। चीन से कूट पक्षी के पहले दल ने दस्तक दे दी है, जबकि साइबेरिया और यूरोप के पक्षियों का आना बाकी है। पक्षी विहार में हर साल करीब 12 हजार विदेशी और 18 हजार देशी पक्षी प्रवास करते हैं।
सर्दियों के मौसम की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश के कन्नौज (इंदरगढ़) स्थित प्रसिद्ध लाख बहोसी पक्षी विहार की झीलें प्रवासी और देशी पक्षियों की चहचहाहट से गुलजार होने लगी हैं। प्राकृतिक सौंदर्य और पक्षियों की अठखेलियां पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। इस सीजन में सबसे पहले चीन से ‘कूट’ पक्षी ने झील में अपनी आमद दर्ज कराई है।
88 वर्ग किलोमीटर में फैला है पक्षी विहार
इंदरगढ़ स्थित लाख बहोसी पक्षी विहार की स्थापना वर्ष 1988 में हुई थी और वर्ष 2007 में इसे राष्ट्रीय नम भूमि (वेटलैंड) संरक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 94 प्रमुख स्थलों में शामिल किया गया था। लगभग 88 वर्ग किलोमीटर में फैले इस अभयारण्य में दो प्रमुख झीलें हैं—बहोसी झील (250 हेक्टेयर) और लाख झील (125 हेक्टेयर)।
सर्दियों के दौरान निचली गंगा नहर का पानी छोड़े जाने से ये दोनों झीलें आपस में जुड़कर एक विशाल जलक्षेत्र का रूप ले लेती हैं। परिसर में वन विभाग का गेस्ट हाउस, ज्ञान-विज्ञान केंद्र और बच्चों के लिए खेल-कूद के उपकरण भी उपलब्ध हैं।
10 हजार से अधिक देशी पक्षी पहुंचे, अब विदेशी मेहमानों का इंतजार
पक्षी विहार में शीतकाल के दौरान 12 हजार से अधिक विदेशी और करीब 18 हजार देशी पक्षी डेरा डालते हैं। वर्तमान में 10 हजार से अधिक देशी पक्षी पहुंच चुके हैं।
झील में श्वेत उदर जल मुर्गी, जल मुर्गा, स्विफ्ट उल्लू, हूपू, श्याम कंठ स्टोर्क, मैना, बगुला, बुलबुल, श्वेत आइबिस, श्याम आइबिस, पन कौव्वा, किंगफिशर, बार हेडेड गूज, ओपन बिल स्टोर्क, स्पून बिल, ब्लैक ड्रोंगो, व्हिसलिंग डक, बैबलर और सारस क्रेन जैसी विविध प्रजातियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
15 दिसंबर से 20 जनवरी के बीच दिखेगा सबसे मनोरम नजारा
पक्षी विहार के वन दारोगा जगदीश नारायण कुशवाहा ने बताया कि इस वर्ष चीन का कूट पक्षी सबसे पहले दिखाई दिया है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे ठंड में इजाफा होगा, साइबेरिया, दक्षिण यूरोप और मध्य यूरोप समेत विभिन्न देशों व भारतीय प्रांतों से प्रवासी पक्षियों के बड़े झुंड यहां पहुंचेंगे। 15 दिसंबर से 20 जनवरी के बीच यहां सबसे अधिक संख्या में पक्षियों की मौजूदगी रहेगी, जो पर्यटकों के लिए सबसे अनुकूल समय होगा।