भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व: जानिए देश के अलग-अलग राज्यों में कैसे मनाया जाता है भाई दूज

Share

- Advertisement -

National News: भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का अनूठा रूप त्योहारों को मनाने के पारंपरिक तौर-तरीकों में स्पष्ट रूप से झलकता है। भाई-बहन के पवित्र स्नेह और विश्वास का प्रतीक ‘भाई दूज’ पूरे देश में विभिन्न रीति-रिवाजों और स्थानीय मान्यताओं के अनुसार धूमधाम से मनाया जाता है। बंगाल के भाई फोटा से लेकर महाराष्ट्र के भाऊ बीज और भोजपुरी अंचल की गोधन कुटाई तक, हर राज्य में इस त्योहार के अनोखे रूप देखने को मिलते हैं।

बंगाल का ‘भाई फोटा’ और महाराष्ट्र का ‘भाऊ बीज’

पश्चिम बंगाल में इस पर्व को ‘भाई फोटा’ के नाम से जाना जाता है, जहां ‘फोटा’ का अर्थ माथे पर टीका या लेप लगाने से है। इस दिन बहनें चंदन, सिंदूर और दही का मिश्रण तैयार कर भाई के माथे पर तिलक लगाती हैं और उनकी दीर्घायु व मंगल की प्रार्थना करती हैं।

वहीं महाराष्ट्र और मराठी संस्कृति में इसे ‘भाऊ बीज’ कहा जाता है। यहां पूजा के लिए विशेष रूप से चौकोर रंगोली बनाकर उस पर बैठने का पाटा (पटला) रखा जाता है। भाई को इस पर बिठाकर सर्वप्रथम ‘करीथ’ नामक एक कड़वा फल खिलाया जाता है, जिसके बाद तिलक की रस्म निभाई जाती है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध करने के उपरांत इसी फल को चखा था।

यमुना स्नान, गोला देने का रिवाज और गोधन कुटाई

उत्तर प्रदेश के मथुरा में भाई दूज के अवसर पर भाई-बहन का हाथ पकड़कर यमुना नदी में पवित्र डुबकी लगाने की प्राचीन परंपरा है। मान्यता है कि ऐसा करने से यमलोक के कष्टों से मुक्ति मिलती है। इसके अलावा यूपी के अधिकांश हिस्सों में बहनों द्वारा भाइयों को सूखा नारियल (गोला) और आब देने की रस्म निभाई जाती है।

उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के भोजपुरी अंचल में दिवाली के दो दिन बाद ‘गोधन कुटाई’ की विशिष्ट परंपरा प्रचलित है। इसमें गोबर से यम की प्रतिमा बनाकर विधिवत पूजन किया जाता है। इसके पश्चात बहनें यमराज के प्रकोप से बचाने के लिए प्रतीकात्मक रूप से भाइयों को कोसती हैं और फिर अपनी जीभ पर रेंगनी का कांटा चुभोकर प्रायश्चित करती हैं। अंत में गोबर की प्रतिमा की कुटाई कर भाई के संकट टलने की कामना की जाती है।

उत्तराखंड का ‘दृति त्यार’, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के रीति-रिवाज

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में इसे ‘दृति त्यार’ या ‘भ्रातृ-टीका’ कहा जाता है। यहां पूजा से पूर्व पारंपरिक विधि से ‘च्यूड़’ तैयार किया जाता है। इसके लिए पहले से भिगोए गए धान को भूनकर और कूटकर देसी घी, दूब व कच्ची हल्दी के साथ मिलाया जाता है। तिलक के बाद इसे भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के सिर पर आशीर्वाद के रूप में रखा जाता है।

मध्य प्रदेश में भाई अपनी बहनों के घर जाकर उनके हाथों से बना भोजन ग्रहण करते हैं। कई क्षेत्रों में शक्कर से बनी माला पहनाने या कलाई पर बांधने की परंपरा है। वहीं छत्तीसगढ़ में बहनें चावल के घोल (ऐपन) से पारंपरिक चौक पूरती हैं और भाई को आसन पर बिठाकर हाथों में चावल-सिंदूर का लेप लगाती हैं, जिसके बाद माखन-मिश्री खिलाकर पर्व का उल्लास मनाया जाता है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News