ढाका की बस्तियों को ‘दिल्ली’ बताकर चीन में लाइव स्ट्रीमिंग, बांग्लादेशी अखबार की जांच में बड़ा खुलासा

Share

- Advertisement -

World News: चीनी दर्शकों को गुमराह करने और भारत की छवि खराब करने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बांग्लादेशी समाचार पत्र ‘प्रोथोम आलो’ की एक विस्तृत जांच रिपोर्ट के अनुसार, 150 से अधिक चीनी नागरिक ढाका के पिछड़े और झुग्गी इलाकों से लाइव प्रसारण कर रहे हैं और अपने देश के दर्शकों को यह दावा कर दिखा रहे हैं कि वे भारत की राजधानी दिल्ली की रोजमर्रा की जिंदगी देख रहे हैं।

जांच रिपोर्ट के मुताबिक, ये चीनी नागरिक ढाका के उत्तरी हिस्से में स्थित उत्तरा कस्बे के सेक्टर-12 और टेकपारा जैसे घने व गरीब इलाकों में दिन-रात सक्रिय रहते हैं। इनके पास दो-दो स्मार्टफोन होते हैं, जिनमें से एक से वे लाइव प्रसारण करते हैं और दूसरे में पहले से तैयार स्क्रिप्ट होती है। टीन की छत वाले घरों और संकरी गलियों में घूमने के लिए ये चीनी नागरिक स्थानीय गाइडों को प्रतिदिन 700 से 800 टका (लगभग 525 से 600 रुपये) का भुगतान करते हैं।

चीनी सोशल मीडिया पर भारत को लेकर झूठा नैरेटिव

स्थानीय ट्रांसलेटर्स और गूगल ट्रांसलेशन के जरिए जब इन स्ट्रीमर्स की बातचीत की जांच की गई, तो भारी फर्जीवाड़ा सामने आया। एक प्रसारण में मियानमियान नाम की चीनी महिला ने ढाका की झोपड़ियों को दिखाते हुए कहा कि यह दिल्ली है और यहां गंदगी व कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब है। वहीं वांग वेई नाम के अन्य स्ट्रीमर ने चाय की दुकान के पास दावा किया कि स्थानीय लोग दूषित पानी और गोमूत्र से बनी चाय पी रहे हैं। कुछ महिला स्ट्रीमर्स ने खुद को भारतीय पुरुषों से विवाहित बताकर इन इलाकों में रहने का झूठा दावा किया, जबकि इस दौरान चीनी एयर कंडीशनर ब्रांड्स का प्रमोशन भी किया जा रहा था।

निजता का खुला उल्लंघन, पुलिस कार्रवाई में भाषा बनी बाधा

लगातार हो रही इस लाइव स्ट्रीमिंग से स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि स्ट्रीमर अनुमति के बिना घरों में घुस जाते हैं और संवेदनशील जगहों की वीडियो रिकॉर्डिंग करते हैं। विरोध करने पर ये कुछ समय के लिए हटते हैं, लेकिन फिर लौट आते हैं।

उत्तरा वेस्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद खालिद मंसूर के अनुसार, पुलिस को इस वीडियो रिकॉर्डिंग गतिविधि की जानकारी है, लेकिन चीनी भाषा की बाधा के कारण अब तक इस मामले में ठोस निगरानी और कानूनी कार्रवाई करने में कठिनाई आ रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News