मुजफ्फरनगर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार में आग लगने से हरियाणा के 6 युवकों की दर्दनाक मौत

Share

- Advertisement -

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिवाली की रात एक भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के 6 युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल और डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद वाहन में आग लग गई। सभी मृतक हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जागाहेड़ी के समीप एक दर्दनाक कार हादसा पेश आया। दिवाली की रात हरियाणा के हांसी क्षेत्र से हरिद्वार जा रहे युवकों की सीएनजी कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई और फिर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूटकर गिर गया और डिवाइडर का लगभग 10 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई, जिससे वाहन में सवार सभी 6 युवकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और शिनाख्त की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए निकले थे दोस्त

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सभी युवक आपस में दोस्त थे और सोमवती अमावस्या के अवसर पर गंगा स्नान करने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। मृतकों में चार युवक हांसी के ऐतिहासिक गांव राखीगढ़ी के निवासी थे, जबकि दो अन्य युवक समीपवर्ती गांव मोठ लुहारी के रहने वाले थे।

मृतकों की पहचान राखीगढ़ी निवासी साहिल (20), अंकित (21), राहुल (23) और एक अन्य युवक के रूप में हुई है। वहीं मोठ लुहारी निवासी अमन (21) और अजय पढ़ाई कर रहे थे। मृतकों में अंकित और राहुल सगे भाई थे। साहिल वाहन चलाने का कार्य करता था, जबकि अन्य युवक निजी कार्य व मजदूरी से जुड़े थे।

गांवों में पसरा मातम, परिजनों के बयान

दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही राखीगढ़ी और मोठ लुहारी गांव पहुंची, वहां शोक का माहौल बन गया। राखीगढ़ी के सरपंच बंटी ने बताया कि सुबह हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद परिजन शवों को लेने के लिए उत्तर प्रदेश रवाना हुए। उन्होंने बताया कि मृतकों में शामिल एक युवक दो महीने बाद ही बाहर से घर लौटा था और गांव आते ही दोस्तों के साथ धार्मिक यात्रा पर निकल गया था।

परिजनों के अनुसार, युवक रविवार दोपहर करीब 12 बजे बिना विस्तृत जानकारी दिए यात्रा के लिए निकले थे। अचानक हुए इस हादसे ने छह परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

Read more

Related News