कैंसर रोगियों को बड़ी राहत, 137 जीवनरक्षक दवाओं की कीमतें घटीं, नई दरें लागू

Share

- Advertisement -

New Delhi News: केंद्र सरकार ने कैंसर रोगियों को बड़ी राहत देते हुए 137 एंटी-कैंसर दवाओं के दाम घटा दिए हैं। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) द्वारा ट्रेड मार्जिन सीमित किए जाने के बाद 9 नवंबर से नई दरें प्रभावी हो गई हैं। इससे मरीजों को सालाना लगभग 3,540 करोड़ रुपये की बचत होगी।

दिवाली के बाद केंद्र सरकार ने कैंसर के इलाज को किफायती बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 137 गैर-अनुसूचित एंटी-कैंसर दवाओं के ट्रेड मार्जिन को सीमित करने का फैसला लागू कर दिया है। इस निर्णय के तहत दवाओं की कीमतों में 50 प्रतिशत तक और कुछ मामलों में इससे भी अधिक की कटौती की गई है, जिससे महंगी दवाओं के उपचार खर्च में भारी कमी आएगी।

NPPA द्वारा जारी विवरण के अनुसार, 85 दवा निर्माता कंपनियों ने 1,364 एंटी-कैंसर फॉर्मूलेशन के संशोधित दाम जारी कर दिए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, 679 ब्रांड्स की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कटौती दर्ज की गई है। वहीं कुछ दवाओं के दामों में अधिकतम 96.45 प्रतिशत तक की कमी आई है। इस कटौती के बाद 50 हजार रुपये में मिलने वाली दवा लगभग 25 हजार रुपये और कुछ मामलों में एक लाख रुपये मूल्य की दवा महज 4 हजार रुपये तक में उपलब्ध हो सकेगी।

मरीजों को सालाना 3,540 करोड़ रुपये से अधिक की बचत

प्राधिकरण ने जानकारी दी है कि ट्रेड मार्जिन की सीमा तय होने से देश भर के कैंसर मरीजों को सालाना करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक चलने वाले कैंसर उपचार में दवाओं का खर्च परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ डालता है। ऐसे में यह कटौती मरीजों को सीधी और तत्काल राहत प्रदान करेगी।

ऐप और आधिकारिक पोर्टल पर चेक करें नई दरें

मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए NPPA ने दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं, ताकि वे संशोधित कीमतों के प्रति जागरूक रह सकें। उपभोक्ता ‘फार्मा सही दाम’ (Pharma Sahi Daam) मोबाइल ऐप और NPPA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर दवाओं की अद्यतन सूची और नई कीमतें देख सकते हैं। यदि कोई केमिस्ट या विक्रेता निर्धारित एमआरपी से अधिक राशि वसूलता है, तो उसके खिलाफ संबंधित पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है।

Read more

Related News