शेख हसीना ने नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के लिए किया आवेदन, दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की तैयारी

Share

- Advertisement -

New Delhi News: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने स्वदेश वापसी की तैयारी के तहत नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआईडी) के लिए आवेदन किया है। लंदन स्थित लॉ फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स ने नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग को पत्र भेजकर ये दस्तावेज जारी करने का अनुरोध किया है। हालांकि, उच्चायोग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दिसंबर में अपने देश लौटने की योजना के तहत नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआईडी) के लिए भारत स्थित बांग्लादेश उच्चायोग में आवेदन किया है। हिंसक विरोध-प्रदर्शनों और राजनीतिक तख्तापलट के बाद शेख हसीना भारत में शरण लिए हुए हैं। अब उन्होंने कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से स्वदेश वापसी की औपचारिक शुरुआत की है।

लंदन स्थित कानूनी फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स ने 9 नवंबर को नई दिल्ली में बांग्लादेश की कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान को पत्र लिखकर नए यात्रा और पहचान दस्तावेज जारी करने का अनुरोध किया है।

पत्र में नागरिकता और मानवाधिकारों का दिया हवाला

मैट्रिक्स चैंबर्स द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार और संबंधित प्राधिकारियों ने शेख हसीना का मौजूदा पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र रद्द कर दिया है। वकीलों का तर्क है कि उनकी बांग्लादेशी नागरिकता और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानूनों के तहत मिले अधिकारों के आधार पर उन्हें नए दस्तावेज मिलने चाहिए।

कानूनी टीम ने उच्चायोग से इस प्रक्रिया को जल्द शुरू करने और नए दस्तावेज प्राप्त करने के लिए जरूरी औपचारिकताओं की जानकारी देने की मांग की है। हालांकि, बांग्लादेश उच्चायोग की ओर से अब तक नए पासपोर्ट और एनआईडी जारी करने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया गया है।

बांग्लादेश में राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियां

शेख हसीना की संभावित वापसी की खबरें ऐसे समय में आई हैं जब बांग्लादेश गंभीर राजनीतिक और आर्थिक दबावों का सामना कर रहा है। देश में खाद्य सामग्री, तेल और गैस की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है।

इसके साथ ही गारमेंट उद्योग से जुड़े श्रमिक वेतन वृद्धि को लेकर सड़कों पर उतरकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे संवेदनशील माहौल में शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी को देश के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

Read more

Related News