Delhi News: दिवाली की रात हुई भारी आतिशबाजी के बाद दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। राजधानी का कुल वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 373 दर्ज किया गया है, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। वहीं सोनिया विहार, विवेक विहार और जहांगीरपुरी सहित कई क्षेत्रों में यह 400 के पार ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज हुआ है।
दिवाली की रात हुई भारी आतिशबाजी के चलते दिल्ली-एनसीआर के आसमान में धुएं और धुंध की घनी परत छा गई है। इसके परिणामस्वरूप राजधानी और आसपास के इलाकों की हवा बेहद जहरीली बनी हुई है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (EWS) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का कुल एक्यूआई 373 रिकॉर्ड किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में है। वहीं शहर के कई प्रमुख निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर 400 के आंकड़े को पार कर ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया है।
EWS और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के बुलेटिन के अनुसार, सुबह विवेक विहार में एक्यूआई 442, सोनिया विहार में 463, जहांगीरपुरी में 450, आईटीओ में 407 और एनएसआईटी द्वारका में 404 दर्ज किया गया। इसके अलावा वजीरपुर में 393, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 398, आरके पुरम में 388, मंदिर मार्ग में 386 और ओखला फेज-2 में 364 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के शहरों में गाजियाबाद का एक्यूआई 360, नोएडा का 319, फरीदाबाद का 297 और गुरुग्राम का 280 दर्ज किया गया।
प्रतिबंधों के बावजूद कई इलाकों में हुई आतिशबाजी
प्रशासन द्वारा केवल हरित पटाखों के सीमित इस्तेमाल की अनुमति और दिशा-निर्देश जारी किए जाने के बावजूद राजधानी के कई क्षेत्रों में देर रात तक पटाखे जलाए गए। पीतमपुरा, बुराड़ी, मयूर विहार और लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों से बड़े पैमाने पर आतिशबाजी की सूचनाएं आईं। शाम पांच से छह बजे के बाद आतिशबाजी का सिलसिला तेज हो गया, जिसके चलते सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई और हवा में धुएं की तीखी गंध फैल गई। कई निवासियों ने आंखों में जलन और सांस लेने में कठिनाई की शिकायत की।
कुल 59 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 20 केंद्रों पर प्रदूषण स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया, जबकि 33 केंद्रों पर यह ‘बेहद खराब’ और छह केंद्रों पर ‘खराब’ श्रेणी में रहा। सोनिया विहार, जहांगीरपुरी, पंजाबी बाग, बुराड़ी, ओखला और रोहिणी में प्रदूषण की स्थिति पूरे दिन गंभीर बनी रही।
अगले कुछ दिनों तक हालात गंभीर रहने का अनुमान
सीपीसीबी के तय मानकों के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है।
वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (EWS) ने पूर्वानुमान जारी किया है कि मौसमी दशाओं और प्रदूषण के स्तर को देखते हुए दिल्ली की हवा अगले कुछ दिनों तक ‘गंभीर’ श्रेणी में ही बनी रह सकती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ सकते हैं।