World News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि यदि तेहरान अपने परमाणु कार्यक्रम और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते को लेकर ठोस समझौते पर सहमत होता है, तो ईरान पर नए सैन्य हमलों की संभावना बहुत कम है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका ने ईरान के 38 पुलों की पहचान की है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर एक घंटे में नष्ट किया जा सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सीएनएन को दिए एक टेलीफोन साक्षात्कार में स्पष्ट किया कि वाशिंगटन की ओर से दोबारा सैन्य कार्रवाई तभी टाली जा सकती है जब ईरान एक मजबूत और स्थायी समझौते पर हस्ताक्षर करे। ट्रंप ने बातचीत के दौरान कई बार दोहराया कि मौजूदा परिस्थितियों में नए सिरे से सैन्य कदम उठाने की नौबत आने की संभावना बेहद कम है।
आर्थिक प्रतिबंधों और सैन्य दबाव का दिया हवाला
ट्रंप ने दावा किया कि पिछले अमेरिकी हमलों और कड़े आर्थिक प्रतिबंधों ने ईरान की क्षमताओं को गंभीर रूप से कमजोर किया है। उन्होंने ईरान की आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में महंगाई दर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है और उसकी व्यवस्था पर भारी दबाव है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि सैन्य रूप से ईरान को बड़ा नुकसान पहुंचाया जा चुका है, इसलिए नए सैन्य एक्शन की आवश्यकता शायद ही पड़े।
संभावित ठिकानों का उल्लेख करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान के 38 महत्वपूर्ण पुलों को चिन्हित कर रखा है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर बेहद कम समय में ध्वस्त किया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने बुनियादी ढांचे को नुकसान न पहुंचाने की इच्छा जताते हुए कहा कि ऐसे बुनियादी ढांचों के पुनर्निर्माण में लंबा समय लगता है।
ईरान ने अमेरिकी राजनीति पर निर्भरता को किया खारिज
दूसरी ओर, ईरान ने अमेरिका में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रमों से अपनी नीतियों के प्रभावित होने की बात को सिरे से नकार दिया है। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खमेनेई के सलाहकार मोहम्मद मोखबर ने सरकार को घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की सलाह दी है।
मोहम्मद मोखबर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि देश के भविष्य को वाशिंगटन के रुख से जोड़ना सही नहीं है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि देश को अपने आर्थिक संसाधनों को एकजुट करने और समय का सदुपयोग करते हुए आंतरिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।