Mumbai News: अभिनेत्री क्रिस्टल डिसूजा ने अपने करीबी दोस्त और अभिनेता ऋत्विक धनजानी को उनके जन्मदिन पर खास अंदाज में शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए उन्होंने ऋत्विक को अपना ‘लकी चार्म’ बताया। साथ ही उन्होंने दोनों के बीच डेटिंग की अफवाहों को खारिज करते हुए अपनी गहरी दोस्ती का जिक्र किया।
टेलीविजन अभिनेत्री क्रिस्टल डिसूजा ने अभिनेता ऋत्विक धनजानी के जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट साझा कर उन्हें बधाई दी है। वीडियो में दोनों के बीच की दोस्ताना केमिस्ट्री नजर आ रही है, जहां ऋत्विक अभिनेत्री की तारीफ करते दिख रहे हैं। क्रिस्टल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वे सिर्फ सच बोल रही हैं कि ऋत्विक बेहद भाग्यशाली हैं कि उन्हें उनके जैसी अच्छी दोस्त मिली है।
सोशल मीडिया पोस्ट में दोस्ती पर कही यह बात
क्रिस्टल डिसूजा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “हैप्पी बर्थडे धनिया, ऋत्विक धनजानी। तुम बहुत भाग्यशाली इंसान हो कि तुम्हारी जिंदगी में मेरे जैसी बेस्टी है। इससे पहले कि तुम मुझे सेल्फ-ऑब्सेस्ड कहो, मैं सिर्फ सच बता रही हूं। सच में, तुम दुनिया की सारी खुशियों के हकदार हो। हमेशा साथ रहने, मेरा साथ देने और जिंदगी नाम की इस यात्रा में मेरे साथ बने रहने के लिए धन्यवाद।”
अभिनेत्री ने आगे लिखा कि ऋत्विक एक बेहतरीन इंसान हैं और उन्हें खुशी है कि वे उनकी ‘गर्ल गैंग’ का हिस्सा हैं।
अफेयर की अफवाहों को किया खारिज
क्रिस्टल डिसूजा और ऋत्विक धनजानी के बीच लंबे समय से गहरी दोस्ती है। दोनों कलाकारों को अक्सर एक साथ देखा जाता रहा है, जिसके चलते कई बार सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाती रही हैं। हालांकि, दोनों ने हमेशा इन चर्चाओं को खारिज किया है।
क्रिस्टल ने पूर्व में भी स्पष्ट किया था कि उनके बीच केवल एक मजबूत दोस्ती है। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा था कि ऋत्विक उनकी महिला दोस्तों के समूह—जिसमें प्रियंका, अंकिता और दर्शिता शामिल हैं—का ही एक अहम हिस्सा हैं और वे उन्हें अपनी ‘गर्लफ्रेंड’ की तरह मानती हैं। वहीं, ऋत्विक धनजानी ने भी हमेशा कहा है कि क्रिस्टल उनके सबसे करीबी दोस्तों में से एक हैं और हर परिस्थिति में उनका साथ देती हैं।