Banka News: बिहार के बांका जिले के बाराहाट प्रखंड अंतर्गत भेड़ामोड़ गांव की रूपा कुमारी का चयन ‘एशियन यूनिवर्सिटीज विमेंस सॉफ्टबॉल कप 2026’ के लिए भारतीय महिला सॉफ्टबॉल टीम में हुआ है। सीमित संसाधनों और अभावों के बीच कड़ा संघर्ष कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाने वाली रूपा की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
बांका जिले के बाराहाट प्रखंड स्थित भेड़ामोड़ गांव की निवासी रूपा कुमारी ने अपनी प्रतिभा और कड़े परिश्रम के दम पर भारतीय महिला सॉफ्टबॉल टीम (Team India) में जगह बनाई है। उनका चयन आगामी ‘एशियन यूनिवर्सिटीज विमेंस सॉफ्टबॉल कप 2026’ के लिए हुआ है। भारतीय टीम का आधिकारिक नेवी ब्लू ब्लेजर पहनकर रूपा जब सामने आईं, तो उनके परिवार और पूरे गांव में गर्व व उल्लास का माहौल देखने को मिला।
रूपा ने अपनी सफलता पर कहा कि यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए एक संदेश है कि गांव भले ही छोटा हो, लेकिन सपने और हौसले हमेशा बड़े होने चाहिए।
राष्ट्रीय शिविर में बहाया पसीना, पहले भी खेल चुकी हैं अंतरराष्ट्रीय मैच
भारतीय टीम में चयन से पहले रूपा कुमारी ने महाराष्ट्र के कोपरगांव-शिरडी में आयोजित विशेष राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में कड़ा अभ्यास किया। खेल के मैदान पर गेंद पर मजबूत पकड़ और उत्कृष्ट समर्पण उनकी प्रमुख पहचान है।
यह पहला अवसर नहीं है जब रूपा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल रही हैं। इससे पूर्व वे चीन के वेईहाई में आयोजित अंडर-15 एशिया कप तथा ताइवान के पुली में आयोजित एशियन यूनिवर्सिटीज कप में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर अपनी खेल प्रतिभा साबित कर चुकी हैं। अब वे एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की ओर से महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मां के संघर्ष और अटूट विश्वास से मिली उड़ान
रूपा कुमारी की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनकी मां पुष्पा देवी का निरंतर संघर्ष और त्याग रहा है। पारिवारिक अभावों और सीमित संसाधनों के बावजूद मां ने कभी अपनी बेटी का हौसला डिगने नहीं दिया।
मां पुष्पा देवी ने बताया कि रूपा में बचपन से ही खेलों को लेकर गहरा जुनून था और उन्हें अपनी बेटी पर पूरा भरोसा था कि वह देश का नाम रोशन करेगी। उन्होंने अन्य माताओं से भी अपनी बेटियों के सपनों पर विश्वास करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने की अपील की।