Pauri News: पौड़ी गढ़वाल को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के लिए दिसंबर में हिमालयन कार रैली और 15 दिवसीय पायलट नाइट सफारी आयोजित की जाएगी। डीएम स्वाति एस भदौरिया ने प्रशासनिक, सुरक्षा, स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और समय पर प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए।
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले को साहसिक पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। जिले में पहली बार आयोजित हो रही हिमालयन कार रैली आगामी 4 व 5 दिसंबर को विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इसके साथ ही पर्यटन के नए अनुभव विकसित करने के लिए खोलाचौरी से अद्वाणी तक 15 दिवसीय पायलट परियोजना के रूप में नाइट सफारी शुरू करने की तैयारी है।
इन पर्यटन गतिविधियों से जहां जिले के प्राकृतिक सौंदर्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मंगलवार को जिला मुख्यालय पौड़ी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कार रैली व नाइट सफारी के भव्य आयोजन को लेकर संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की।
3 दिसंबर को रामनगर से रवाना होगी कार रैली
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के तत्वावधान में हिमालयन कार रैली 2026 का आयोजन 2 से 6 दिसंबर तक किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि 3 दिसंबर को रामनगर में वाहनों की तकनीकी जांच (स्क्रूटनी) और प्रतिभागियों की ब्रीफिंग के साथ रैली शुरू होगी।
इसके बाद 4 दिसंबर को रैली मोहान-मर्चुला होते हुए पौड़ी जिले में प्रवेश करेगी। यह रैली क्यार्की-मल्ली से नैनीडांडा तथा सेमरी-तल्ली सहित लैंसडाउन, दुगड्डा और यमकेश्वर क्षेत्र के निर्धारित मार्गों से गुजरेगी। रैली मार्गों की प्रारंभिक रेकी हो चुकी है, जबकि 21 और 22 नवंबर को प्रशासन, पुलिस, लोनिवि तथा पीएमजीएसवाई की संयुक्त टीम द्वारा अंतिम रेकी की जाएगी।
सुरक्षा, सड़क सुधार और हेली एम्बुलेंस की व्यवस्था
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को रैली मार्गों का निरीक्षण कर सड़कों की मरम्मत और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को सुगम यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग को रैली मार्गों के नजदीकी अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सा प्रबंध, एम्बुलेंस और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए त्वरित चिकित्सा सहायता हेतु हेली एम्बुलेंस की व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया है। एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन और संचार विभाग को भी अलर्ट मोड पर रहकर निर्बाध सेवाएं बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खोलाचौरी से अद्वाणी तक चलेगी नाइट सफारी
जिले में रात्रि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खोलाचौरी से अद्वाणी तक 15 दिनों के लिए पायलट आधार पर नाइट सफारी संचालित की जाएगी। इसका संचालन उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद करेगा और इसके लिए स्थानीय स्तर पर संबंधित कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, एएसपी संचार अनूप काला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।