हिमाचल प्रदेश: अटल टनल और मनाली में पर्यटकों के अत्यधिक दबाव पर सीईसी की रिपोर्ट, पर्यावरण को खतरा

Share

- Advertisement -

Manali News: मनाली, लाहुल-स्पीति कॉरिडोर और अटल टनल पर पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण बढ़ रहा ट्रैफिक दबाव पर्यावरण और बुनियादी ढांचे के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट की केंद्रीय अधिकार प्राप्त समिति (सीईसी) ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया है कि अटल टनल अपनी निर्धारित डिजाइन क्षमता से कहीं अधिक वाहनों का बोझ झेल रही है, जिससे संवेदनशील उच्च पर्वतीय पारिस्थितिकी तंत्र को भारी नुकसान पहुंच रहा है।

निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक दौड़ रहे वाहन

अटल टनल की मूल डिजाइन क्षमता लगभग 4,500 वाहन (3,000 हल्के और 1,500 भारी) प्रतिदिन की है, जबकि पीक सीजन में यह आंकड़ा 11,000 वाहनों को भी पार कर चुका है। रिपोर्ट के अनुसार, 13 अप्रैल 2025 को पीक ट्रैफिक 10,356 वाहनों तक पहुंच गया था, जबकि 27 जून 2026 को यह 6,584 दर्ज किया गया। अटल टनल, मनाली और खजियार का कुल संयुक्त पीक डे ट्रैफिक 2025 में 15,628 वाहनों के उच्च स्तर को छू गया था। मनाली में ट्रैफिक चार साल से 3,950 से 4,360 वाहनों के बीच स्थिर है, लेकिन इसका रुख अटल टनल की ओर शिफ्ट हुआ है। इसके अलावा, खजियार जैसे संवेदनशील घास के मैदानों में भी पीक ट्रैफिक 2023 के 862 से बढ़कर 2026 में 1,012 वाहनों तक पहुंच गया है, जो कि पारिस्थितिकीय दृष्टि से लगभग 17 प्रतिशत की चिंताजनक वृद्धि है।

पर्यावरण पर मंडराता खतरा और विशेषज्ञों की सिफारिशें

अटल टनल के दोनों छोरों पर वाहनों की लंबी कतारों के कारण पार्किंग, ठोस कचरा प्रबंधन और सीवेज सिस्टम पूरी तरह चरमरा गए हैं। वाहनों के धुएं और जाम से बढ़ता प्रदूषण नाजुक पर्वतीय ढलानों, जलस्रोतों और जैव विविधता को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है। इस स्थिति से निपटने के लिए विशेषज्ञों ने अटल टनल पर वाहनों की आवाजाही की सख्त प्रवेश सीमा तय करने, ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट करने, अवैध पार्किंग पर प्रतिबंध लगाने और दोनों पोर्टलों पर स्वच्छता प्रणालियों को दुरुस्त करने की सिफारिश की है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित सीईसी ने यह रिपोर्ट 23 अक्टूबर को सौंपी है, जिस पर इस माह होने वाली सुनवाई में शीर्ष अदालत बड़ा निर्णय ले सकती है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News