Florida Plane Crash: फ्लोरिडा में प्राइवेट जेट हाईवे पर गिरकर दुर्घटनाग्रस्त, टेक CEO एडम रॉबिन्सन और परिवार समेत सभी 9 लोगों की मौत

Share

- Advertisement -

World News: अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित पाम बीच काउंटी में रविवार दोपहर एक प्राइवेट जेट ‘लियरजेट 60’ अनियंत्रित होकर हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में टेक्सास के प्रसिद्ध टेक उद्यमी एडम रॉबिन्सन, उनकी पत्नी, दो मासूम बच्चों और चालक दल सहित विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) मामले की गहन जांच में जुटा है।

अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित पाम बीच काउंटी में रविवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा पेश आया। ऑस्टिन (टेक्सास) से बहामास जा रहा एक प्राइवेट जेट ‘लियरजेट 60’ (Learjet 60) हाईवे पर गिरकर जोरदार धमाके के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौके पर ही जान चली गई। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मौसम की खराबी, पंखों पर बर्फ जमने, गंभीर टर्बुलेंस और मानवीय भूल जैसे पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

टेक कारोबारी एडम रॉबिन्सन और उनके परिवार की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों में प्रमुख रूप से टेक्सास के जाने-माने टेक उद्यमी एडम रॉबिन्सन, उनकी पत्नी हेलेन शार्प और उनके दो मासूम बच्चे (उम्र 4 वर्ष और 2 वर्ष) शामिल हैं। एडम ‘RB2B’ व ‘Retention.com’ जैसी टेक कंपनियों के संस्थापक व सीईओ थे और ‘Moltsets’ का भी नेतृत्व कर रहे थे। उन्होंने पूर्व में लेहमैन ब्रदर्स और बार्कलेज जैसे वैश्विक वित्तीय संस्थानों में भी सेवाएं दी थीं।

उनकी पत्नी हेलेन एक कुशल कलाकार थीं। हेलेन के पिता डडली शार्प ने पुष्टि की कि विमान में उनकी बेटी, दामाद और दो पोते-पोतियां सवार थे। परिजनों ने उन्हें बेहद समर्पित माता-पिता बताया है।

अन्य यात्री और क्रू मेंबर्स की पहचान

विमान में सवार तीन अन्य यात्रियों—रेचल रीड, चार्मी फेहर और अनीता मारिया सेटीना की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई। सेटीना परिवार के बच्चों की देखभाल करती थीं और उन्हें परिवार का अभिन्न हिस्सा माना जाता था।

उड़ान के चालक दल में 55 वर्षीय पायलट जेफ ग्रेगरी और 20 वर्षीय को-पायलट नथालिया फिल्गुएरास शामिल थे। ईस्ट कोस्ट जेट्स ने पूर्व पायलट ग्रेगरी के निधन पर शोक जताया है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के ऑडियो रिकॉर्डिंग में दुर्घटना से ठीक पहले के घबराहट भरे पलों में ग्रेगरी को प्रार्थना करते सुना गया।

हादसे से 10 मिनट पहले को-पायलट का संदेश

अमेरिकी मीडिया के अनुसार, 20 वर्षीय को-पायलट नथालिया फिल्गुएरास ने 17 वर्ष की उम्र में ही पायलट लाइसेंस प्राप्त कर लिया था। दुर्घटना से करीब 10 मिनट पहले, दोपहर लगभग 12:40 बजे नथालिया ने अपने पायलट मित्र को संदेश भेजा था कि वे गंभीर टर्बुलेंस का सामना कर रहे हैं और विमान के पंखों पर बर्फ जम रही है।

इसके बाद दोपहर करीब 12:50 बजे विमान पाम बीच काउंटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। NTSB सभी तकनीकी और मौसमी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रहा है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News