Bokaro News: कैंप दो स्थित हनुमान नगर में महिला को झांसे में लेकर मंगलसूत्र ठगने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने महिला का जेवर भी बरामद कर लिया है।
झारखंड के बोकारो जिले में साधु के वेश में महिलाओं को झांसे में लेकर गहने ठगने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। कैंप दो में कोर्ट के पीछे स्थित हनुमान नगर की निवासी बबीता देवी से झाड़-फूंक के नाम पर सोने का मंगलसूत्र ठगने के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों की पहचान बिहार के गया जिले के बेलाडीह (बोलागंज) निवासी 30 वर्षीय शंभू लाठौर और 25 वर्षीय गयालाल लाठौर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर पीड़िता का छीना गया मंगलसूत्र भी सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले की पुष्टि सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने की है।
भिक्षा मांगने के बहाने घर में घुसे और दिखाया हाथ की सफाई का खेल
डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि शुक्रवार शाम हनुमान नगर निवासी सुरेंद्र सिंह की पत्नी बबीता देवी अपने बच्चों के साथ घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान दोनों आरोपित साधु का वेश बनाकर भिक्षा मांगने पहुंचे। महिला द्वारा भोजन दिए जाने के बाद आरोपितों ने बातचीत के दौरान महिला की पारिवारिक समस्याओं को भांप लिया।
कथित बाधाओं को दूर करने और सुख-समृद्धि का झांसा देकर आरोपितों ने पहले हाथ की सफाई दिखाई। इसके बाद गहनों पर मंत्र फूंककर सभी कष्ट मिटाने का दावा करते हुए महिला से छह ग्राम का सोने का मंगलसूत्र ले लिया। आरोपितों ने मंगलसूत्र को कपड़े में लपेटकर महिला को वापस सौंपते हुए सख्त हिदायत दी कि इसे शाम पांच बजे से पहले न खोला जाए, अन्यथा अपशकुन हो जाएगा।
कपड़ा खोलने पर जेवर गायब, रेलवे स्टेशन के पास से पकड़े गए आरोपित
आरोपितों के वहां से जाने के बाद जब महिला ने तय समय पर कपड़ा खोला, तो उसमें से सोने का मंगलसूत्र गायब था। ठगी का अहसास होते ही पीड़िता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी थाना प्रभारी ममता कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें सब-इंस्पेक्टर जितेश कुमार और नीरज सेठ शामिल थे।
तकनीकी व मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को रेलवे स्टेशन के पास से धर दबोचा। पूछताछ में सामने आया कि दोनों भाई पिछले एक सप्ताह से अपने परिजनों के साथ स्टेशन परिसर के पास तंबू लगाकर डेरा डाले हुए थे।
मजदूरी छोड़कर साधु के भेष में शुरू की थी ठगी
पुलिस पूछताछ में दोनों भाइयों ने स्वीकार किया कि वे अनपढ़ हैं और पहले मजदूरी करते थे। अधिक पैसे कमाने के चक्कर में उन्होंने साधु का भेष धरकर भिक्षाटन और हाथ की सफाई के सहारे लोगों को ठगना शुरू कर दिया था।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पीड़िता का मंगलसूत्र बरामद करने के साथ ही ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले मां दुर्गा के पीतल के 20 लॉकेट, हनुमान जी के 40 लॉकेट, 50 रंग-बिरंगे पत्थर, 20 ताबीज और पीतल की 10 अंगूठियां भी जब्त की हैं। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।