Delhi News: दिल्ली के शाहदरा जिला पुलिस की वाहन चोरी निरोधक टीम (एएटीएस) ने एक आदतन वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पहाड़गंज निवासी रितेश उर्फ पीयूष टिंकू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के चार दोपहिया वाहन बरामद कर शाहदरा, मध्य और दक्षिण जिले के चार मामले सुलझाए हैं।
दिल्ली पुलिस की वाहन चोरी निरोधक टीम (एएटीएस) ने शाहदरा जिले में दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय आरोपी रितेश उर्फ पीयूष टिंकू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहाड़गंज इलाके का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, उसकी गिरफ्तारी और निशानदेही के आधार पर चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिससे शाहदरा, मध्य और दक्षिण जिले में दर्ज वाहन चोरी के चार मामलों का खुलासा हुआ है।
शाहदरा जिला डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने जानकारी दी कि जिले में वाहन चोरी की वारदातों को रोकने के लिए एएटीएस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय मुखबिरों की मदद से निगरानी बढ़ाई थी। इसी दौरान दिलशाद गार्डन-गाजियाबाद डीएलएफ मार्ग पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसका मामला मध्य जिले के पटेल नगर थाने में दर्ज था।
17 आपराधिक मामलों में पहले से नामजद
पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर एक एक्टिवा, एक स्प्लेंडर प्लस और एक अन्य स्कूटर भी बरामद किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ झपटमारी और वाहन चोरी के 17 मामले पहले से दर्ज हैं। वह बीते 12 अक्टूबर को ही न्यायिक हिरासत से बाहर आया था और दोबारा आपराधिक वारदातों में सक्रिय हो गया था।
संयुक्त पुलिस टीम की सतर्कता से मिली सफलता
इस अभियान को एएटीएस प्रभारी निरीक्षक प्रतीक सक्सेना के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में हेड कांस्टेबल निशांत शर्मा, हेड कांस्टेबल उमेश, हेड कांस्टेबल किशन पाल, कांस्टेबल अजय और कांस्टेबल शुभम शामिल रहे। पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस की निगरानी और शाहदरा जिला डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के सुपरविजन में की गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य संभावित मामलों और उसके नेटवर्क की जांच कर रही है।