दलेर मेहंदी विवाद में नाम घसीटने पर भड़के मनिंदर बुट्टर, मंत्री सुबोध उनियाल से की पुराने शो का वीडियो सार्वजनिक करने की मांग

Share

- Advertisement -

Uttarakhand News: उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा दलेर मेहंदी के शो के दौरान की गई कथित अभद्र टिप्पणी पर पंजाबी गायक मनिंदर बुट्टर ने कड़ा ऐतराज जताया है। मनिंदर ने 2019 के अपने कार्यक्रम का हवाला देते हुए मंत्री से उस पूरे शो की अनकट वीडियो रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करने की मांग की है। वहीं मीका सिंह ने भी दलेर मेहंदी का बचाव किया है।

उत्तराखंड के नई टिहरी में आयोजित ‘सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले’ में गायक दलेर मेहंदी के कार्यक्रम के दौरान उपजे विवाद पर अब मशहूर पंजाबी गायक मनिंदर बुट्टर ने भी चुप्पी तोड़ी है। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा दलेर मेहंदी को बीच में रोकने और मनिंदर बुट्टर को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के बाद यह मामला गरमा गया है।

वायरल घटनाक्रम के अनुसार, मंत्री ने दलेर मेहंदी पर मंच से सवाल उठाते हुए कथित तौर पर कहा था कि उनसे पहले यहां मनिंदर बुट्टर पिट कर गया था। इस बयान पर मनिंदर बुट्टर ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर गहरी निराशा और दुख व्यक्त किया है।

2019 के शो का वीडियो सार्वजनिक करने की चुनौती

मनिंदर बुट्टर ने कहा कि साल 2019 में जब वे उत्तराखंड में शो करने आए थे, तब खुद मंत्री जी ने मंच पर आकर उन्हें पारंपरिक पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित किया था। उन्होंने वह पूरा कार्यक्रम वही टोपी पहनकर प्रस्तुत किया था। गायक ने मांग की कि सच्चाई सामने लाने के लिए मंत्री जी उस शो की पूरी और बिना कांट-छांट वाली रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करें, ताकि जनता खुद देख सके कि असलियत क्या थी।

मनिंदर ने भावुक होते हुए कहा कि वे एक बेहद साधारण कलाकार हैं और कभी किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाई। उन्होंने कहा कि उनके और उनके पिता को लेकर जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, उससे उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने जीवन में कभी भी नशे की हालत में मंच पर प्रस्तुति नहीं दी है।

दलेर मेहंदी के समर्थन में आए भाई मीका सिंह

इस पूरे विवाद पर मशहूर गायक मीका सिंह ने भी अपने भाई दलेर मेहंदी का पुरजोर बचाव किया है। मीका सिंह ने स्पष्ट किया कि दलेर मेहंदी शराब को हाथ तक नहीं लगाते। उन्होंने बताया कि दलेर पिछले दो वर्षों से गंभीर रूप से अस्वस्थ चल रहे हैं और अभी भी पूरी तरह ठीक होने की प्रक्रिया में हैं, इसके बावजूद वे अपने बैंड के साथ लाइव परफॉर्मेंस दे रहे हैं।

मीका ने बताया कि आधुनिक दौर में अधिकांश गायक मंच पर ‘बैकिंग ट्रैक्स’ का सहारा लेते हैं, जिस पर कोई सवाल नहीं उठाता। उन्होंने कहा कि इस अपमानजनक घटना के बाद दलेर मेहंदी काफी आहत हुए हैं। मीका सिंह ने मंत्री सुबोध उनियाल से अपील की कि वे दलेर मेहंदी को सीधे फोन करके अपने कहे शब्दों के लिए माफी मांगें, क्योंकि सार्वजनिक रूप से उन पर लगाए गए झूठे आरोपों से उनकी दशकों पुरानी प्रतिष्ठा को गंभीर ठेस पहुंची है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News