Mumbai News: लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में काम कर चुकीं ट्रांसजेंडर अभिनेत्री शुभी शर्मा ने मनोरंजन उद्योग में अपने संघर्ष और कास्टिंग काउच के कड़वे अनुभवों को साझा किया है। एक साक्षात्कार में शुभी ने बताया कि काम मांगने पर एक प्रोडक्शन टीम से जुड़े व्यक्ति ने उन्हें देर रात अनुचित मैसेज भेजे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह काम के लिए कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करेंगी।
‘अनुपमा’, ‘चाँद जलने लगा’ और ‘ध्रुव तारा’ जैसे चर्चित धारावाहिकों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवा चुकीं अभिनेत्री शुभी शर्मा ने ग्लैमर इंडस्ट्री के काले सच को उजागर किया है। शुभी मनोरंजन जगत में सक्रिय रहने के साथ-साथ ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों और सामाजिक सम्मान के लिए भी लगातार आवाज उठाती रही हैं। हाल ही में ‘टर्निंग टेल्स’ को दिए एक बेबाक साक्षात्कार में उन्होंने अपने करियर के शुरुआती संघर्ष, लगातार मिलने वाले रिजेक्शन और कास्टिंग काउच से जुड़े कटु अनुभवों पर खुलकर बात की।
शुभी ने खुलासा किया कि उन्हें पिछले तीन वर्षों से रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में शामिल होने के प्रस्ताव मिल रहे थे और इसे लेकर निर्माताओं से उनकी बातचीत भी जारी थी। इसी दौरान उन्होंने काम की तलाश के सिलसिले में बनिजय प्रोडक्शंस की टीम से जुड़े एक व्यक्ति से संपर्क किया था, जिसे वह क्रिएटिव असिस्टेंट समझ रही थीं।
देर रात इंस्टाग्राम पर आए मैसेज
अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने उस व्यक्ति से ‘बिग बॉस मराठी’ और ‘राइज एंड फॉल’ जैसे प्रोजेक्ट्स में काम करने की इच्छा जताई थी। शुरुआत में उस शख्स ने जानकारी साझा करने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में टालमटोल करने लगा। जब शुभी ने दोबारा संपर्क किया, तो उसने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि उसके पास रोजाना हजारों मैसेज आते हैं और वह हर किसी को जवाब नहीं दे सकता।
शुभी के अनुसार, वह व्यक्ति बातचीत के दौरान खुद को वरिष्ठ बताते हुए पेशेवर तरीके से बात करने की सीख देता था। लेकिन कुछ ही समय बाद वही शख्स देर रात करीब 2 बजे इंस्टाग्राम पर उन्हें ‘हैलो’ लिखकर मैसेज भेजने लगा। रिस्पॉन्स न मिलने पर उसने दोबारा मैसेज किया, जिसके बाद अभिनेत्री ने सबूत के तौर पर उन संदेशों के स्क्रीनशॉट सुरक्षित रख लिए।
‘काम पाने के लिए सिद्धांतों से समझौता नहीं करूंगी’
कास्टिंग काउच की इस स्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए शुभी ने कहा कि वह काम हासिल करने के लिए वन नाइट स्टैंड या किसी भी प्रकार का अनैतिक समझौता करने वालों में से नहीं हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भले ही उन्हें भविष्य में कोई प्रोजेक्ट न मिले, लेकिन वह अपने स्वाभिमान और सिद्धांतों की कीमत पर काम स्वीकार नहीं करेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वह व्यक्ति इंडस्ट्री में कई अन्य नए कलाकारों से भी इसी तरह संपर्क करता रहा है, जो बेहद शर्मनाक है।
इसके साथ ही उन्होंने मनोरंजन उद्योग की कार्यप्रणाली में बुनियादी बदलाव की मांग उठाई। शुभी ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय के कलाकारों को भी धारावाहिकों और फिल्मों में मुख्य भूमिकाएं दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि पर्दे पर ट्रांसजेंडर किरदारों को निभाने के लिए पुरुष कलाकारों को प्राथमिकता देने के बजाय वास्तविक ट्रांसजेंडर कलाकारों को ही मौका दिया जाना चाहिए।