Amethi News: अमेठी के इन्हौना थाना क्षेत्र अंतर्गत राजाफत्तेपुर संपर्क मार्ग पर रविवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां मालती मौर्य और उनके पांच वर्षीय बेटे विराट की मौत हो गई, जबकि पिता विकास मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई। बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र स्थित सराय गोपी गांव निवासी विकास मौर्य अपनी पत्नी मालती मौर्य (32) और पांच वर्षीय पुत्र विराट मौर्य के साथ बाइक से रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान इन्हौना थाना क्षेत्र के राजाफत्तेपुर संपर्क मार्ग पर दो सड़का मोड़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मां-बेटे को किया मृत घोषित
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद वाहन चालक मौके से वाहन लेकर भाग निकला। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर पहुंचाया और इन्हौना थाना पुलिस को सूचना दी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद मालती मौर्य और उनके मासूम बेटे विराट मौर्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल विकास मौर्य को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज, तिलोई रेफर कर दिया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मां और मासूम बेटे की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, अज्ञात चालक पर कार्रवाई जारी
इन्हौना थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने मां और बेटे दोनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के मार्गों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। तहरीर व जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।