New Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार तीन दिनों तक हवा ‘खराब’ श्रेणी में रहने के बाद शनिवार को प्रदूषण से राहत मिली है। 24 घंटे का औसत एक्यूआई घटकर 191 दर्ज किया गया, जिससे हवा ‘मध्यम’ श्रेणी में आ गई। दिल्ली सरकार के अनुसार, पिछले एक दशक में 24 अक्टूबर के दिन का यह सबसे बेहतर स्तर है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार तीन दिनों तक हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किए जाने के बाद शनिवार को वायु प्रदूषण से आंशिक राहत मिली है। शहर का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शुक्रवार के 230 से सुधरकर शनिवार को 191 दर्ज किया गया, जिससे हवा की गुणवत्ता अब ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंच गई है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार शाम चार बजे दिल्ली का एक्यूआई 191 दर्ज हुआ, जबकि शुक्रवार को इसी समय यह स्तर 230 पर बना हुआ था।
पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर स्थिति
दिल्ली सरकार ने एक बयान में कहा कि कोविड काल को छोड़ दिया जाए, तो पिछले एक दशक में 24 अक्टूबर की तारीख के लिहाज से इस साल दर्ज किया गया एक्यूआई सबसे कम है। पर्यावरण विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 24 अक्टूबर 2024 को दिल्ली का एक्यूआई 306 और वर्ष 2025 में इसी तारीख को 275 दर्ज किया गया था, जो इस वर्ष घटकर 191 पर आ गया है।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि वायु गुणवत्ता में यह सुधार प्रदूषण नियंत्रण के लिए नियमों के कड़ाई से पालन, सघन निगरानी और जनभागीदारी जैसे सरकारी प्रयासों का परिणाम है।
तापमान में गिरावट और मौसम का हाल
प्रदूषण में कमी के बीच दिल्ली में न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक लेकिन पिछले दिन की तुलना में 0.7 डिग्री कम था। यहां अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य केंद्रों में पालम और लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 17 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों तक राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है।